Samachar Post रिपोर्टर,गिरिडीह :झारखंड के गिरिडीह जिले में गुरुवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। धनवार थाना क्षेत्र के लाल बाजार में सवारी बस और स्विफ्ट कार की आमने-सामने टक्कर में दो लोगों की मौत हो गई, जबकि पांच लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसा सुबह करीब 5 बजे हुआ और टक्कर इतनी जोरदार थी कि कार पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। इस हादसे में बिरनी थाना क्षेत्र के रहने वाले 70 वर्षीय बंगाली हाड़ी और 24 वर्षीय कुमकुम कुमारी की मौके पर ही मौत हो गई। दोनों कार में सवार थे।
5 लोग घायल, अस्पताल में चल रहा इलाज
कार में सवार अन्य पांच लोग भी हादसे में घायल हो गए। घायलों में सुकरी देवी, तारा देवी, रोनित कुमार, जयनारायण और अरविंद यादव शामिल हैं। सभी को स्थानीय अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनका इलाज जारी है। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, बस खोरीमहुआ की तरफ से आ रही थी, जबकि कार देवघर से बिरनी की ओर जा रही थी। लाल बाजार के पास दोनों वाहनों की आमने-सामने भिड़ंत हो गई।
हादसे के बाद मची अफरा-तफरी
दुर्घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोग तुरंत घटनास्थल पर पहुंचे और कार में फंसे लोगों को बाहर निकालने में मदद की। कुछ समय के लिए सड़क पर यातायात भी बाधित रहा। बताया जा रहा है कि जयनारायण राम का परिवार देवघर में एक शादी समारोह में शामिल होने गया था और लौटते वक्त यह हादसा हो गया। बिरनी प्रमुख रामू बैठा के अनुसार, विपरीत दिशा से आ रही बस ने कार को टक्कर मार दी।
पुलिस जांच में जुटी, पोस्टमार्टम की प्रक्रिया शुरू
सूचना मिलते ही धनवार थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को अस्पताल भिजवाया। थाना प्रभारी ब्रजेश कुमार ने बताया कि दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा जा रहा है। हादसे के कारणों की जांच की जा रही है, जिसमें वाहनों की रफ्तार और लापरवाही की भी जांच शामिल है।
Reporter | Samachar Post