Samachar Post रिपोर्टर,धनबाद :धनबाद में भूधंसान और गैस रिसाव से बढ़ी चिंता, विधायक अरूप चटर्जी ने सरकार को घेरा के केंदुआ इलाके में लगातार हो रहे भूधंसान और गैस रिसाव ने हालात को गंभीर बना दिया है। शुक्रवार को निरसा के विधायक अरूप चटर्जी ने मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया और सरकार तथा प्रशासन पर सवाल खड़े किए। विधायक ने कहा कि यहां रहने वाले लोगों का जीवन और रोजगार इसी इलाके से जुड़ा है। ऐसे में उन्हें बेलगड़िया भेजने से पहले वहां रोजगार की ठोस व्यवस्था सुनिश्चित की जानी चाहिए। उन्होंने जोर देकर कहा कि बिना विकल्प दिए विस्थापन उचित नहीं है।
यह भी पढ़ें :झारखंड में अवैध अफीम खेती और नशा तस्करी पर सख्ती, डीजीपी की अध्यक्षता में आज उच्चस्तरीय समीक्षा
विकास कार्यों पर उठे सवाल
बेलगड़िया के विकास के नाम पर हो रहे खर्च को लेकर भी विधायक ने सवाल उठाए। उनका कहना था कि भारी राशि खर्च होने के बावजूद जमीनी स्तर पर कोई बड़ा बदलाव दिखाई नहीं दे रहा है। विधायक ने BCCL और जिला प्रशासन को तुरंत कदम उठाने की चेतावनी दी। उन्होंने सड़क और रिहायशी इलाकों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के साथ-साथ प्रभावित लोगों की समस्याओं के समाधान की मांग की।
जमीन विवाद और पुनर्वास का मुद्दा
उन्होंने बताया कि कई लोगों की जमीन रैयती है, जबकि कंपनी उसे अपनी बता रही है। इस विवाद को सुलझाने के लिए बनी समिति को जल्द फैसला लेना चाहिए। साथ ही पुनर्वास की प्रक्रिया लोगों की सहमति और शर्तों के आधार पर पूरी होनी चाहिए। इलाके में सड़कें धंस रही हैं और दरारें लगातार बढ़ रही हैं। वहीं पुराने महाप्रबंधक आवास के पास से गैस का रिसाव जारी है। सुरक्षा के मद्देनजर इस क्षेत्र में लोगों के आवागमन पर रोक लगा दी गई है।
प्रभावितों से मुलाकात, मदद का भरोसा
दौरे के दौरान विधायक ने प्रभावित परिवारों से मुलाकात की और उनकी समस्याएं सुनीं। लोगों ने आरोप लगाया कि उन्हें जबरन बेलगड़िया भेजने का दबाव बनाया जा रहा है। इस पर विधायक ने आश्वासन दिया कि वे इस मुद्दे को प्रशासन के सामने मजबूती से उठाएंगे।
Reporter | Samachar Post