Samachar Post रिपोर्टर, चाईबासा: चाईबासा स्थित कोषागार से लाखों रुपये की संदिग्ध निकासी का मामला सामने आने के बाद जिला प्रशासन और पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया है। प्रारंभिक जांच में पुलिस विभाग के गश्ती मद के नाम पर फर्जी तरीके से राशि निकाले जाने की आशंका जताई जा रही है। यह गड़बड़ी आंतरिक ऑडिट के दौरान पकड़ में आई, जिसके बाद तत्काल जांच शुरू कर दी गई।
विशेष जांच टीम का गठन
मामले की गंभीरता को देखते हुए प्रशासन ने विशेष जांच टीम गठित की है। टीम में कोषागार, ऑडिट और पुलिस विभाग के अधिकारी शामिल हैं। दस्तावेजों की जांच शुरू कर दी गई है और संबंधित कर्मियों से पूछताछ की जा रही है।अमित रेणु ने बताया कि बिल, भुगतान विवरण और अन्य रिकॉर्ड की जांच की जा रही है, ताकि गड़बड़ी के स्तर और जिम्मेदार लोगों की पहचान की जा सके। फिलहाल यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि कुल कितनी राशि की अवैध निकासी हुई है। सूत्रों के अनुसार रकम लाखों रुपये में हो सकती है। जांच पूरी होने के बाद ही वास्तविक आंकड़ा सामने आएगा।
यह भी पढ़ें: HEC में अब नहीं आएंगे गलत बिजली बिल, एक महीने में हर घर लगेगा स्मार्ट मीटर
भुगतान प्रक्रिया पर उठे सवाल
इस घटना के बाद कोषागार की भुगतान प्रक्रिया और निगरानी व्यवस्था पर सवाल खड़े हो गए हैं। बिना उचित सत्यापन के राशि कैसे निकाली गई, इसकी भी जांच की जा रही है। प्रशासन ने एहतियात के तौर पर बड़े भुगतानों पर अस्थायी रोक लगा दी है और संबंधित विभागों को अतिरिक्त सतर्कता बरतने के निर्देश दिए हैं।
Reporter | Samachar Post
मैंने सेंट्रल यूनिवर्सिटी ऑफ झारखंड से पत्रकारिता में पोस्ट ग्रेजुएशन की डिग्री ली है। पत्रकारिता के क्षेत्र में बतौर रिपोर्टर मेरा अनुभव फिलहाल एक साल से कम है। सामाचार पोस्ट मीडिया के साथ जुड़कर स्टाफ रिपोर्टर के रूप में काम कर रही हूं।