झारखंड में भीषण गर्मी को लेकर स्वास्थ्य विभाग सतर्क, सभी जिलों में अलर्ट जारी

Rupa Kumari | April 25, 2026 | 12:03 PM IST

Samachar Post रिपोर्टर, रांची: झारखंड में बढ़ती भीषण गर्मी और लू की आशंका को देखते हुए स्वास्थ्य विभाग ने राज्यभर में अलर्ट जारी किया है। भारत मौसम विज्ञान विभाग की चेतावनी के बाद सभी जिलों को सतर्क रहने और आवश्यक तैयारियां करने के निर्देश दिए गए हैं। राष्ट्रीय स्वास्थ्य अभियान के अभियान निदेशक शशि प्रकाश झा ने सिविल सर्जनों और मेडिकल कॉलेजों को पत्र भेजकर लू से बचाव के लिए तत्काल कार्ययोजना तैयार करने को कहा है।

अस्पतालों में तैयारी तेज

स्वास्थ्य विभाग ने सभी जिला अस्पतालों, प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों और सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों में हीट स्ट्रोक से निपटने की व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा है। दवाइयों, फ्लूड्स, ओआरएस और कूलिंग सुविधाएं उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए हैं। डॉक्टरों और स्वास्थ्यकर्मियों को हीट वेव प्रबंधन का प्रशिक्षण देने की भी बात कही गई है। राज्य में संचालित 108 एंबुलेंस सेवाओं को भी विशेष रूप से तैयार रखने को कहा गया है। एंबुलेंस में आइस क्यूब, ठंडा पानी और हाइड्रेशन से जुड़ी सुविधाएं रखने के निर्देश दिए गए हैं, ताकि लू से प्रभावित मरीजों को तत्काल राहत मिल सके।

यह भी पढ़ें: ED अधिकारियों से मारपीट केस: सुप्रीम कोर्ट ने CBI जांच जारी रखने का दिया आदेश

संवेदनशील मरीजों पर विशेष नजर

गर्भवती महिलाओं, हृदय रोगियों, मधुमेह और हाई ब्लड प्रेशर के मरीजों के साथ-साथ कुपोषित बच्चों की विशेष निगरानी करने को कहा गया है। ये वर्ग लू के प्रति ज्यादा संवेदनशील माने जाते हैं। सभी स्वास्थ्य केंद्रों में हीट हेल्थ डेस्क बनाने और जरूरतमंदों को मुफ्त ओआरएस उपलब्ध कराने का भी निर्देश दिया गया है।

फायर और इलेक्ट्रिसिटी ऑडिट के निर्देश

अस्पतालों में आग लगने की घटनाओं को ध्यान में रखते हुए फायर और इलेक्ट्रिसिटी ऑडिट कराने के निर्देश दिए गए हैं। साथ ही हीट स्ट्रोक के मामलों की नियमित रिपोर्टिंग और डेटा संग्रह अनिवार्य किया गया है, ताकि स्थिति पर लगातार निगरानी रखी जा सके।

Share this news

संबंधित खबरें