- प्रोपेन की कमी से जूझ रहे प्लांट को मिली राहत, PNG सप्लाई शुरू होने से उत्पादन रहा सामान्य
Samachar Post रिपोर्टर,जमशेदपुर: झारखंड के जमशेदपुर स्थित टाटा मोटर्स प्लांट को बड़ी राहत मिली है। प्रोपेन गैस की कमी से जूझ रहे प्लांट में गेल (इंडिया) लिमिटेड ने रिकॉर्ड समय में पाइप्ड नेचुरल गैस (PNG) की सप्लाई शुरू कर दी, जिससे संभावित औद्योगिक संकट टल गया।
9 दिनों में तैयार हुआ पूरा सिस्टम
आमतौर पर ऐसी परियोजनाओं को पूरा करने में कई हफ्ते लग जाते हैं, लेकिन गेल की टीम ने सिर्फ 9 दिनों में पूरी प्रक्रिया पूरी कर ली। समझौते से लेकर पाइपलाइन बिछाने और गैस की कमीशनिंग तक का काम तेजी से किया गया, ताकि उत्पादन प्रभावित न हो।
यह भी पढ़ें: सोन पाइपलाइन परियोजना से पलामू में उम्मीद की हरियाली, किसानों को बड़ी राहत
प्रोपेन संकट के बीच लिया गया त्वरित फैसला
प्लांट में प्रोपेन की कमी के कारण उत्पादन ठप होने का खतरा था। ऐसे में गेल ने तुरंत पहल करते हुए PNG सप्लाई का विकल्प तैयार किया। इस फैसले ने न केवल उत्पादन को बचाया, बल्कि बड़े नुकसान से भी कंपनी को सुरक्षित रखा। इस उपलब्धि के साथ टाटा मोटर्स, टाटा स्टील के कोम्बी मिल के बाद इस क्षेत्र का दूसरा बड़ा प्लांट बन गया है, जो PNG पर संचालित हो रहा है। कोम्बी मिल में अक्टूबर 2025 से प्राकृतिक गैस का उपयोग हो रहा है।
क्लीन एनर्जी की दिशा में बड़ा कदम
गेल के महाप्रबंधक सह जीए इंचार्ज गौरी शंकर मिश्रा ने इसे दोनों कंपनियों के बेहतर समन्वय का नतीजा बताया। इस दौरान टाटा मोटर्स के महाप्रबंधक गोलाम मंडल और टाउन एडमिनिस्ट्रेशन के रजत सिंह सहित कई अधिकारी मौजूद रहे। उन्होंने कहा कि कंपनी अब घरेलू, व्यावसायिक और औद्योगिक क्षेत्रों में तेजी से PNG कनेक्शन का विस्तार कर रही है।
जल्द जुड़ेंगे और उद्योग
गेल ने संकेत दिया है कि आने वाले हफ्तों में पांच और बड़े उद्योगों को PNG नेटवर्क से जोड़ा जाएगा। इससे क्षेत्र में क्लीन एनर्जी का उपयोग बढ़ेगा और उद्योगों को सस्ता व स्थिर ऊर्जा विकल्प मिल सकेगा।
Reporter | Samachar Post
मैंने सेंट्रल यूनिवर्सिटी ऑफ झारखंड से पत्रकारिता में पोस्ट ग्रेजुएशन की डिग्री ली है। पत्रकारिता के क्षेत्र में बतौर रिपोर्टर मेरा अनुभव फिलहाल एक साल से कम है। सामाचार पोस्ट मीडिया के साथ जुड़कर स्टाफ रिपोर्टर के रूप में काम कर रही हूं।