हजारीबाग में दिनदहाड़े बैंक डकैती, 7 करोड़ का सोना और 5 लाख कैश लेकर फरार बदमाश

Rupa Kumari | April 25, 2026 | 12:55 PM IST

Samachar Post रिपोर्टर, हजारीबाग: बरही में शुक्रवार दोपहर दिनदहाड़े बैंक डकैती की बड़ी घटना सामने आई। बैंक ऑफ महाराष्ट्र की शाखा में घुसे चार हथियारबंद अपराधियों ने करीब 7 करोड़ रुपये का सोना और 5 लाख रुपये नकद लूट लिए। बदमाश दो बाइक से आए थे और करीब 20 मिनट में वारदात को अंजाम देकर बिहार की ओर फरार हो गए।

खाता खुलवाने के बहाने बैंक में घुसे लुटेरे

जानकारी के अनुसार, दोपहर करीब 3:15 बजे चेहरा ढंके चार अपराधी बैंक में दाखिल हुए। उस समय बैंक में ग्राहक नहीं थे और कर्मचारी मीटिंग में व्यस्त थे। दो बदमाशों ने चालू खाता खुलवाने के बहाने बातचीत शुरू की, तभी बाकी दो अपराधी पहुंचे और पिस्टल निकालकर कर्मचारियों को धमकाने लगे।

यह भी पढ़ें: पटना में BPSC 71वीं मुख्य परीक्षा शुरू, 1298 पदों के लिए 13 हजार अभ्यर्थी शामिल

स्ट्रांग रूम खुलवाकर लूटा सोना

अपराधियों ने पहले कैश काउंटर से करीब 5 लाख रुपये लूटे, फिर कर्मचारियों से स्ट्रांग रूम खुलवाया। वहां रखे सोने के गहनों को लूटने के बाद बैंक मैनेजर, डिप्टी मैनेजर समेत चार कर्मचारियों को स्ट्रांग रूम में बंद कर दिया। इसके बाद शटर गिराकर बदमाश फरार हो गए। बरही एसडीपीओ अजीत विमल ने बताया कि अपराधी धमना टोल प्लाजा के सीसीटीवी कैमरों में कैद हुए हैं। करीब आधे घंटे बाद कर्मचारियों को स्ट्रांग रूम से बाहर निकाला गया, जिसके बाद पुलिस को सूचना दी गई।

छापेमारी जारी, नाकेबंदी तेज

घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और सीसीटीवी फुटेज खंगाले गए। अतिरिक्त एसपी अमित कुमार ने भी बैंक पहुंचकर जांच की। पुलिस ने संभावित इलाकों में नाकेबंदी कर दी है और अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी जारी है।

Share this news

संबंधित खबरें