Samachar Post रिपोर्टर,चतरा :चतरा के प्रतापपुर वन क्षेत्र में गुरुवार को अचानक लगी भीषण आग ने इलाके में दहशत फैला दी। भरही-केवलिया मुख्य सड़क के किनारे झाड़ियों से शुरू हुई आग देखते ही देखते पूरे जंगल में फैल गई। स्थानीय लोगों के अनुसार आग शुरुआत में छोटी थी, लेकिन तेज हवा के कारण इसने जल्द ही विकराल रूप ले लिया। आसपास का इलाका धधकती भट्टी जैसा नजर आ रहा है और आग लगातार जंगल के अंदरूनी हिस्सों की ओर बढ़ रही है। आग की लपटें पास से गुजर रही 11 हजार वोल्ट की हाईटेंशन बिजली तारों तक पहुंच गई हैं। ग्रामीणों को आशंका है कि अगर तार टूटकर गिर गए, तो बड़ा हादसा हो सकता है। इसी वजह से आसपास के गांवों में डर का माहौल बना हुआ है।
यह भी पढ़ें :शपथ के अगले दिन ही एक्शन में सीएम सम्राट चौधरी, सचिवालय में अफसरों संग मैराथन बैठक
वन्यजीव और वन संपदा को नुकसान की आशंका
इस आग से बहुमूल्य औषधीय पौधों और छोटे जीव-जंतुओं को भारी नुकसान होने की आशंका है। जंगल में रहने वाले पक्षी और जानवर भी इस आग से प्रभावित हो सकते हैं।
मौके पर पहुंची वन विभाग की टीम
वनरक्षक अजय कुमार के अनुसार, सूचना मिलते ही वन विभाग की टीम को मौके पर भेज दिया गया है। आग बुझाने का प्रयास जारी है, लेकिन तेज हवा राहत कार्य में बाधा बन रही है। फिलहाल आग लगने के कारणों का पता नहीं चल पाया है। वन विभाग ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
Reporter | Samachar Post