आज सीपी राधाकृष्णन का रांची दौरा, आईआईएम दीक्षांत समारोह में होंगे शामिल; खूंटी भी जाएंगे

Rupa Kumari | March 28, 2026 | 11:04 AM IST

Samachar Post रिपोर्टर, रांची: सीपी राधाकृष्णन आज रांची दौरे पर रहेंगे। वे सुबह करीब 10 बजे रांची एयरपोर्ट पहुंचेंगे, जहां से हेलीकॉप्टर के जरिए खूंटी जिले के उलिहातू जाएंगे। उलिहातू में वे बिरसा मुंडा की जन्मस्थली पर उनकी प्रतिमा पर माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि अर्पित करेंगे और परिजनों से मुलाकात करेंगे।

आईआईएम रांची के दीक्षांत समारोह में शिरकत

उपराष्ट्रपति आईआईएम रांची के 15वें दीक्षांत समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे। इस समारोह में कुल 558 विद्यार्थियों को डिग्रियां दी जाएंगी, जबकि 7 मेधावी छात्रों को मेडल और विशेष सम्मान प्रदान किया जाएगा। कार्यक्रम में केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान, राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार, मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन, राज्यसभा के उपसभापति हरिवंश नारायण सिंह और केंद्रीय रक्षा राज्य मंत्री संजय सेठ भी मौजूद रहेंगे। 

यह भी पढ़ें:झारखंड BJP में बड़ा संगठनात्मक बदलाव, जिलों से आएंगे नए चेहरे

मेधावी छात्रों को मिलेगा सम्मान

दोपहर 3 बजे से शुरू होने वाले सत्र में सत्र 2024-26 के एमबीए, एमबीए-बीए, एमबीए-एचआरएम और एग्जीक्यूटिव कार्यक्रमों के टॉपर्स को सम्मानित किया जाएगा। साथ ही दो छात्रों को स्टूडेंट सिटीजनशिप अवॉर्ड और प्रो. आशीष हाजेला अवॉर्ड से नवाजा जाएगा।

वर्चुअल रियलिटी केस रिपॉजिटरी का उद्घाटन

उपराष्ट्रपति इस दौरान संस्थान द्वारा विकसित देश के पहले बी-स्कूल वर्चुअल रियलिटी केस रिपॉजिटरी का भी उद्घाटन करेंगे। कार्यक्रम से पहले वे राजभवन में लंच करेंगे और फिर IIM पहुंचेंगे। दौरे को लेकर प्रशासन ने सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए हैं। उलिहातू और आसपास के क्षेत्रों को सुबह 6 बजे से शाम 6 बजे तक नो-फ्लाई जोन घोषित किया गया है। इस दौरान ड्रोन, पैराग्लाइडिंग और हॉट एयर बैलून के संचालन पर पूरी तरह प्रतिबंध रहेगा।

ट्रैफिक व्यवस्था में बदलाव

रांची शहर में सुबह 9 बजे से शाम 7 बजे तक मालवाहक वाहनों के प्रवेश पर रोक रहेगी। हिनू, बिरसा चौक, अरगोड़ा, किशोरगंज, न्यू मार्केट और एटीआई मोड़ समेत कई इलाकों में यातायात सीमित रहेगा। भारी वाहनों को रिंग रोड से चलने की अनुमति दी गई है, जबकि जरूरत के अनुसार अन्य मार्गों पर डायवर्जन लागू किए जाएंगे। रांची और खूंटी में पांच आईपीएस अधिकारियों की तैनाती की गई है, ताकि पूरा कार्यक्रम शांतिपूर्ण और सुरक्षित तरीके से संपन्न हो सके।

Share this news

संबंधित खबरें