Samachar Post रिपोर्टर,रांची :भारतीय जनता पार्टी (BJP) झारखंड में संगठन को मजबूत करने के लिए बड़े स्तर पर बदलाव की तैयारी कर रही है। जिला कमेटियों का गठन लगभग पूरा हो चुका है और अगले 2-3 दिनों में नई टीमों का ऐलान संभव है। इसके बाद पार्टी प्रदेश कमेटी के गठन पर फोकस करेगी।
30 जिलों में नए अध्यक्ष तय
राज्य के 30 सांगठनिक जिलों में नए जिला अध्यक्षों की नियुक्ति कर दी गई है। प्रदेश से भेजे गए पर्यवेक्षक जिलों में जाकर पदाधिकारियों के नाम फाइनल कर रहे हैं। ये रिपोर्ट प्रदेश अध्यक्ष आदित्य साहू को सौंपी जाएगी, जिसके बाद आधिकारिक घोषणा होगी।
सामाजिक संतुलन और एक्टिव कार्यकर्ताओं पर फोकस
इस बार कमेटी गठन में सामाजिक संतुलन और जमीनी स्तर पर सक्रिय कार्यकर्ताओं को प्राथमिकता दी जा रही है। हाल के स्थानीय निकाय चुनावों में अपेक्षित प्रदर्शन नहीं मिलने के बाद पार्टी कोई जोखिम नहीं लेना चाहती। इसलिए हर वर्ग और क्षेत्र को प्रतिनिधित्व देने की रणनीति अपनाई जा रही है। पार्टी नेतृत्व गुटबाजी और कार्यकर्ताओं की नाराजगी से बचने के लिए सतर्क है। केंद्रीय नेतृत्व ने स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि सभी को साथ लेकर संतुलित टीम बनाई जाए, ताकि संगठन मजबूत हो सके। जिला स्तर की प्रक्रिया पूरी होने के बाद प्रदेश अध्यक्ष आदित्य साहू नई प्रदेश कमेटी का ऐलान करेंगे। उम्मीद है कि अप्रैल के मध्य तक नई टीम सामने आ जाएगी, जिसमें जिलों से नए चेहरों को मौका मिलेगा।
प्रदेश प्रभारी का दौरा अहम
भाजपा के प्रदेश प्रभारी लक्ष्मीकांत वाजपेयी अप्रैल के पहले सप्ताह में रांची दौरे पर आ सकते हैं। इस दौरान संगठन की आगे की रणनीति और नई कमेटी के स्वरूप पर चर्चा होगी। संगठन को मजबूत करने के लिए अप्रैल या मई में गिरिडीह के मधुबन में प्रदेश स्तरीय प्रशिक्षण शिविर आयोजित किया जाएगा। साथ ही जिलों में मंडल स्तर पर भी कार्यकर्ताओं को ट्रेनिंग दी जाएगी।
बदलाव से नई ऊर्जा की उम्मीद
पार्टी को भरोसा है कि नए चेहरों और संतुलित टीम के साथ संगठन में नई ऊर्जा आएगी और इसका सकारात्मक असर आने वाले चुनावों में दिखेगा।

Reporter | Samachar Post

