- 30 मई तक कोर्ट में सौंपना है रिपोर्ट, सीवरेज-ड्रेनेज और भवन मरम्मत को प्राथमिकता
Samachar Post रिपोर्टर, रांची : झारखंड हाईकोर्ट में लंबित जनहित याचिका के बाद रिम्स में निर्माण और नवीनीकरण कार्यों को समयबद्ध तरीके से पूरा करने की कवायद तेज कर दी गई है। संस्थान को 30 मई तक कोर्ट में प्रगति रिपोर्ट सौंपनी है, जिसके चलते प्रशासन सक्रिय हो गया है।
सीवरेज और ड्रेनेज पर फोकस
रिम्स निदेशक डॉ. राजकुमार, चिकित्सा अधीक्षक डॉ. हिरेंद्र बिरुआ और संपदा पदाधिकारी डॉ. शिव प्रिये ने भवन निर्माण विभाग के सचिव सह जेएसबीसीसीएल के प्रबंध निदेशक अरवा राजकमल के साथ बैठक कर कार्यों की समीक्षा की। बैठक में तय किया गया कि मानसून से पहले सीवरेज और ड्रेनेज सिस्टम को दुरुस्त करना प्राथमिकता होगी, ताकि बारिश में जलजमाव की समस्या से बचा जा सके।
यह भी पढ़ें: रिम्स में एमएचए प्रवेश परीक्षा का रिजल्ट जारी, 10 अभ्यर्थियों का चयन
छत और बेसमेंट कार्य में तेजी
रिम्स प्रशासन ने छत और बेसमेंट में चल रहे निर्माण कार्यों को जल्द पूरा करने का आग्रह किया है, ताकि अस्पताल की सेवाएं प्रभावित न हों और मरीजों को बेहतर सुविधाएं मिल सकें। रिम्स प्रबंधन ने पुराने शैक्षणिक भवन को भी आईपीडी नवीनीकरण योजना में शामिल करने का सुझाव दिया है। अधिकारियों का मानना है कि अस्पताल और शैक्षणिक भवन एक-दूसरे से जुड़े हैं, इसलिए दोनों को साथ लेकर काम करने से बेहतर समन्वय होगा।
नए आईपीडी भवन पर भी चर्चा
बैठक में नए आईपीडी भवन के निर्माण को जल्द शुरू करने पर भी जोर दिया गया। योजना है कि भविष्य में पुराने भवन के स्थान पर मरीजों को नए भवन में शिफ्ट किया जाए। हालांकि, यह भी तय हुआ कि पुराने आईपीडी और आईपीडी भवनों में अत्यधिक आधुनिकीकरण नहीं किया जाएगा, क्योंकि उनकी उपयोगिता 10-15 वर्ष ही आंकी गई है।
नियुक्ति प्रक्रिया भी होगी तेज
रिम्स प्रबंधन ने कार्मिक विभाग से सीनियर रेजिडेंट और अन्य कर्मियों की नियुक्ति के लिए रोस्टर जल्द स्वीकृत करने का अनुरोध किया है। विभाग ने एक सप्ताह के भीतर स्वीकृति देने का आश्वासन दिया है।
तय समय में रिपोर्ट देने की तैयारी
अधिकारियों का कहना है कि निर्माण और नियुक्ति दोनों प्रक्रियाओं में तेजी लाकर निर्धारित समयसीमा के भीतर हाईकोर्ट को प्रगति रिपोर्ट सौंप दी जाएगी।
Reporter | Samachar Post
मैंने सेंट्रल यूनिवर्सिटी ऑफ झारखंड से पत्रकारिता में पोस्ट ग्रेजुएशन की डिग्री ली है। पत्रकारिता के क्षेत्र में बतौर रिपोर्टर मेरा अनुभव फिलहाल एक साल से कम है। सामाचार पोस्ट मीडिया के साथ जुड़कर स्टाफ रिपोर्टर के रूप में काम कर रही हूं।