गढ़वा में रामनवमी, ईद और सरहुल पर्व को लेकर प्रशासन अलर्ट, शांति समिति की बैठक आयोजित

Samachar Post रिपोर्टर, गढ़वा : जिले में आगामी रामनवमी, ईद और सरहुल पर्व को शांति और सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने को लेकर गढ़वा उपायुक्त दिनेश यादव की अध्यक्षता में जिला स्तरीय शांति समिति की बैठक समाहरणालय भवन के सभागार में आयोजित की गई। बैठक में पुलिस अधीक्षक अमन कुमार समेत जिले के वरिष्ठ अधिकारी, जनप्रतिनिधि और शांति समिति के सदस्य उपस्थित रहे।

बैठक में उठाए गए मुख्य बिंदु

उपायुक्त और पुलिस अधीक्षक ने जिले में त्योहारों को सौहार्दपूर्ण और भाईचारे के साथ मनाने पर जोर दिया। विभिन्न प्रखंडों से आए शांति समिति सदस्यों ने पिछले वर्षों में त्योहारों के शांतिपूर्ण आयोजन की जानकारी साझा की। उपायुक्त ने सभी सदस्यों को निर्देश दिए कि विद्युत आपूर्ति, स्वास्थ्य और पेयजल की उपलब्धता सुनिश्चित की जाए। फायर स्टेशन और नगर परिषदों को साफ-सफाई और सुरक्षा उपायों के लिए तैयार रहने को कहा गया।

यह भी पढ़ें: जामताड़ा में फर्जी कस्टमर केयर नंबर का खेल बेनकाब, 6 साइबर ठग गिरफ्तार

विशेष निर्देश

मांस और मदिरा की बिक्री पर प्रतिबंध। डीजे निषेध, पारंपरिक वाद्य यंत्र और साउंड सिस्टम का ही उपयोग। सोशल मीडिया पर अफवाह और आपत्तिजनक पोस्ट पर सतर्कता। मंगला जुलूस और रामनवमी जुलूस के दौरान ट्रैफिक नियंत्रण, बड़ी वाहनों का शहर में प्रवेश प्रतिबंधित। असामाजिक तत्वों पर पैनी नजर और समय पर कार्रवाई। पेट्रोलिंग, धारा 107 के तहत कार्रवाई और संवेदनशील स्थलों पर विशेष निगरानी।

आम नागरिकों के लिए अपील

किसी भी अप्रिय घटना की सूचना तुरंत टोल फ्री नंबर 112 पर दें। पर्वों के दौरान आपसी भाईचारा बनाए रखें और सामाजिक सौहार्द को बनाए रखने में सहयोग करें। उल्लेखनीय है कि जिला प्रशासन और पुलिस प्रशासन द्वारा पर्वों के दौरान पर्याप्त दण्डाधिकारी, पुलिस पदाधिकारी और सशस्त्र बल तैनात किए जाएंगे। साथ ही प्रखण्ड, पंचायत और ग्राम स्तर पर शांति समितियों को सक्रिय कर संवेदनशील स्थलों पर निगरानी और सहयोग सुनिश्चित किया जाएगा। इस बैठक के जरिए गढ़वा जिला प्रशासन ने यह संदेश दिया कि आगामी त्योहारों में किसी भी प्रकार की अशांति और अप्रिय घटना की कोई संभावना न रहे और सभी पर्व शांति, भाईचारा और सामाजिक सहयोग के साथ मनाए जाएं।

Share this news

संबंधित खबरें