मेदिनीनगर में रामनवमी का उत्साह: रावण दहन के साथ सप्तमी जुलूस संपन्न, जयघोष से गूंजा शहर

Rupa Kumari | March 26, 2026 | 01:54 PM IST

Samachar Post रिपोर्टर, पलामू: मेदिनीनगर में रामनवमी के अवसर पर श्रद्धा और उत्साह का अनूठा संगम देखने को मिला। गुरुवार सुबह छहमुहान पर रावण दहन के साथ सप्तमी जुलूस का भव्य समापन हुआ। छहमुहान पर आयोजित भक्ति कार्यक्रम में लोगों ने पूरी रात भाग लिया। महावीर नवयुवक दल (जनरल) के अध्यक्ष राकेश कुमार सिंह उर्फ मंगल सिंह ने रावण के पुतले में अग्नि प्रज्वलित की। इस दौरान जय श्री राम और जय हनुमान के नारों से पूरा माहौल भक्तिमय हो गया।

यह भी पढ़ें: रामगढ़ में बड़ा हादसा टला: चुट्टूपालू घाटी में ब्रेक फेल ट्रेलर ने मचाई तबाही, तीन वाहन चपेट में

जुलूस में दिखा उत्साह और परंपरा

इससे पहले बुधवार देर रात शिवाला रोड स्थित हनुमान मंदिर से सप्तमी जुलूस की शुरुआत हुई। जुलूस विभिन्न मार्गों से गुजरते हुए छहमुहान पहुंचा। जुलूस के दौरान कई चौक-चौराहों पर पारंपरिक अस्त्र-शस्त्र का प्रदर्शन किया गया।

आकर्षण का केंद्र बने करतब और झांकियां

लाठी खेल और अन्य हैरतअंगेज करतबों ने लोगों को खूब आकर्षित किया। रामभक्तों के प्रदर्शन और भव्य झांकियों ने पूरे आयोजन को खास बना दिया। आयोजन के दौरान सुरक्षा व्यवस्था को लेकर शहर थाना पुलिस पूरी तरह मुस्तैद रही। बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं की मौजूदगी के बीच कार्यक्रम शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुआ।

जनभागीदारी से बना सफल आयोजन

पूरे कार्यक्रम में शहर की विभिन्न पूजा समितियों, अखाड़ों और युवाओं की सक्रिय भागीदारी रही, जिससे मेदिनीनगर पूरी तरह भक्ति के रंग में रंगा नजर आया।

Share this news

संबंधित खबरें