झारखंड में हाथियों के लिए सुरक्षित कॉरिडोर की मांग, अबुआ मंच ने राज्यपाल से की पेशकश

Rupa Kumari | March 30, 2026 | 05:00 PM IST

Samachar Post रिपोर्टर, रांची: राज्य में बढ़ते मानव-हाथी संघर्ष और पर्यावरणीय संकट को लेकर आवाज तेज हो गई है।अबुआ अधिकार मंच के अध्यक्ष गौतम सिंह के नेतृत्व में एक प्रतिनिधिमंडल ने सोमवार को राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार से मुलाकात कर इस मुद्दे पर ठोस कदम उठाने की मांग की। प्रतिनिधिमंडल ने पर्यावरण संरक्षण, जलवायु परिवर्तन और मानव-हाथी संघर्ष जैसे गंभीर विषयों पर विस्तृत ज्ञापन सौंपा। उन्होंने बताया कि राज्य में पर्यावरणीय क्षति तेजी से बढ़ रही है, जो भविष्य के लिए बड़ा खतरा बनती जा रही है।

हाथी-मानव संघर्ष पर चिंता

मुलाकात के दौरान हाथियों के बढ़ते हमले, उनकी मौत और मानव हताहतों की संख्या को गंभीर बताया गया। प्रतिनिधिमंडल ने कहा कि जंगलों की कटाई, अवैध खनन और आवास (हैबिटेट) के क्षरण के कारण हाथियों का पलायन बढ़ रहा है, जिससे संघर्ष की घटनाएं भी बढ़ रही हैं। ज्ञापन में हाथी कॉरिडोर का दायरा बढ़ाने और उन्हें विखंडन मुक्त बनाने की जरूरत पर जोर दिया गया। बताया गया कि वर्तमान में राज्य में 17 हाथी कॉरिडोर चिन्हित हैं, जबकि विशेषज्ञों ने इसे बढ़ाकर 75 तक करने की सिफारिश की है।

यह भी पढ़ें: पाकुड़ में अधिवक्ता गिरफ्तार: वीडियो वायरल की धमकी देकर 7 महीने तक यौन शोषण का आरोप

पर्यावरणीय संकट पर चर्चा

प्रतिनिधिमंडल के सदस्य वेदांत कौस्ताव ने बताया कि राज्यपाल ने सभी मुद्दों को गंभीरता से सुना। बैठक में जलवायु परिवर्तन, पर्यावरण संरक्षण में युवाओं की भूमिका और वन्यजीव संरक्षण पर भी विस्तार से चर्चा हुई। प्रतिनिधिमंडल ने राज्यपाल से आग्रह किया कि इन समस्याओं के समाधान के लिए प्रभावी और ठोस कदम उठाए जाएं, ताकि भविष्य में मानव-वन्यजीव संघर्ष को कम किया जा सके और पर्यावरण संतुलन बनाए रखा जा सके।

Share this news

संबंधित खबरें