Samachar Post रिपोर्टर,गुमला :गुमला जिले के सिसई प्रखंड क्षेत्र में आठवीं कक्षा के पांच छात्र-छात्राएं एडमिट कार्ड जारी नहीं होने के कारण परीक्षा देने से वंचित रह गए। इस घटना के बाद छात्रों और उनके अभिभावकों में नाराजगी देखी जा रही है। मामला मुर्गू पंचायत के राजकीय उत्क्रमित मध्य विद्यालय टंगरा टोली का है। जानकारी के अनुसार जब छात्र राज्य सरकार द्वारा आयोजित आठवीं बोर्ड परीक्षा देने स्कूल पहुंचे तो उन्हें पता चला कि उनका एडमिट कार्ड जारी ही नहीं हुआ है। ग्रामीणों के अनुसार आठवीं कक्षा के छात्र-छात्राएं दुर्गा उरांव, करीना कुमारी, सुशांति कुमारी, सविता कुमारी और खुशबू कुमारी परीक्षा नहीं दे सके। अचानक एडमिट कार्ड नहीं मिलने की जानकारी मिलने के बाद छात्र और उनके अभिभावक काफी परेशान हो गए।
यह भी पढ़ें :हजारीबाग में स्कॉर्पियो ने 6 लोगों को कुचला, 2 की मौत, गुस्साए ग्रामीणों ने वाहन फूंका
स्कूल ने कहा- फॉर्म रिजेक्ट हो गया
इस मामले में स्कूल की प्रधानाध्यापिका दुर्गावती कुमारी ने बताया कि छात्रों का परीक्षा फॉर्म भरा गया था, लेकिन किसी कारणवश वह रिजेक्ट हो गया। हालांकि फॉर्म रिजेक्ट होने की वजह क्या है, इसकी जानकारी फिलहाल उन्हें भी नहीं है।
अभिभावकों ने लगाया लापरवाही का आरोप
घटना को लेकर अभिभावकों और ग्रामीणों में नाराजगी है। उनका आरोप है कि स्कूल प्रशासन की लापरवाही के कारण बच्चों का एक साल बर्बाद हो गया। उन्होंने पूरे मामले की जांच कर जिम्मेदार लोगों पर कार्रवाई की मांग की है। प्रधानाध्यापिका ने बताया कि जिन छात्रों की परीक्षा नहीं हो पाई है, उनके लिए दोबारा परीक्षा आयोजित कराने की कोशिश की जाएगी, ताकि छात्रों का शैक्षणिक नुकसान न हो।
Reporter | Samachar Post