धनबाद में शराब विवाद के चलते हिंसक पथराव, सब-इंस्पेक्टर घायल

Rupa Kumari | March 6, 2026 | 10:47 AM IST

Samachar Post रिपोर्टर, धनबाद : धनबाद के लोयाबाद थाना क्षेत्र में शराब को लेकर शुरू हुआ विवाद देर रात हिंसक झड़प में बदल गया। एकड़ा शिव मंदिर के पास शुरू हुए इस विवाद के बाद करीब 200 लोगों की भीड़ जमा हो गई और इलाके में जमकर पथराव हुआ। घटना से पूरे इलाके में अफरातफरी और तनाव का माहौल बन गया।

पथराव में सब-इंस्पेक्टर घायल

जानकारी के मुताबिक पथराव की सूचना मिलते ही लोयाबाद थाना पुलिस मौके पर पहुंची और हालात को काबू में करने की कोशिश की। इसी दौरान सब-इंस्पेक्टर रोहित शर्मा पथराव की चपेट में आ गए। पत्थर लगने से उनकी नाक और होंठ फट गए। घायल अवस्था में उन्हें तुरंत इलाज के लिए अस्पताल भेजा गया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, अचानक एकड़ा पुल की ओर से बड़ी संख्या में लोग पहुंचे और पत्थरबाजी शुरू कर दी। पुलिस की मौजूदगी के बावजूद कुछ समय तक पथराव जारी रहा, जिससे स्थिति और तनावपूर्ण हो गई।

यह भी पढ़ें: गिरिडीह में होली के बाद खूनी खेल : डीजे बंद कराने पहुंचे युवक की चाकू-उस्तरे से हत्या

कई थानों की पुलिस को बुलाया गया

हालात बिगड़ते देख लोयाबाद थाना के अलावा केंदुआडीह, पुटकी, जोगता, सोनारडीह, धर्माबांध, भागाबांध और मुनीडीह थाना की पुलिस को भी मौके पर बुलाया गया। इसके बाद पुलिस ने पुटकी थाना क्षेत्र के गोपालीचक नीचे धौड़ा इलाके की घेराबंदी कर छापेमारी शुरू की। कार्रवाई के दौरान पुलिस ने पांच लोगों को हिरासत में लिया है, जिनसे पूछताछ की जा रही है।

एक घर पर भी किया गया हमला

घटना के दौरान भीड़ ने एकड़ा निवासी राहुल पासवान को दौड़ाते हुए उसके घर तक खदेड़ दिया। भीड़ ने उसके घर पर हमला भी किया। हालांकि राहुल किसी तरह सुरक्षित निकलने में कामयाब रहा, लेकिन घर में मौजूद लोगों के साथ मारपीट की गई। इस घटना के बाद पूरे इलाके में दहशत का माहौल है। लोग अपनी दुकानों और घरों के दरवाजे बंद कर सुरक्षित रहने लगे हैं। पुलिस फिलहाल इलाके में गश्त बढ़ाकर स्थिति पर नजर बनाए हुए है।

Share this news

संबंधित खबरें