देवघर में 48 घंटे में सुलझी सिर कटी लाश की गुत्थी, तीन आरोपी गिरफ्तार

Rupa Kumari | March 19, 2026 | 02:03 PM IST
  • देवघर में सिर कटी लाश का मामला 48 घंटे में सुलझा

Samachar Post रिपोर्टर, देवघर : देवघर के रिखिया थाना क्षेत्र में मिले सिर कटा शव मामले का पुलिस ने 48 घंटे के भीतर खुलासा कर दिया है। इस सनसनीखेज घटना से इलाके में आक्रोश फैल गया था और लोगों ने विरोध प्रदर्शन भी किया था।

सोमवार को मिला था युवक का शव

पुलिस अधीक्षक सौरभ कुमार के अनुसार, सोमवार को ठाड़ी गांव स्थित देवांग बाबा मैदान के पास एक अज्ञात युवक का सिर कटा शव बरामद हुआ था। शुरुआत में पहचान नहीं हो सकी, लेकिन जांच और फॉरेंसिक टीम की मदद से मृतक की पहचान दिलीप तूरी के रूप में की गई।

यह भी पढ़ें: रांची में रेलवे संपत्ति चोरी का खुलासा, केबल के साथ 4 आरोपी गिरफ्तार

विशेष टीम बनाकर की गई जांच

मामले की गंभीरता को देखते हुए एसडीपीओ अशोक सिंह के नेतृत्व में विशेष जांच टीम गठित की गई। टीम में रिखिया, मोहनपुर और टाउन थाना के पुलिसकर्मी शामिल थे। त्वरित कार्रवाई करते हुए पुलिस ने बबीता देवी, पायल राउत और संजीव कुमार को गिरफ्तार कर लिया।

ड्राइवर होने के कारण बना निशाना

जांच में सामने आया कि मृतक दिलीप तूरी, बबीता देवी का ड्राइवर था। वह बबीता की निजी जानकारी उसके एक परिचित को देता था, जिससे वह नाराज थी। इसी वजह से बबीता ने अपने सहयोगियों के साथ मिलकर हत्या की साजिश रची।

सुनसान जगह पर की गई हत्या

पुलिस के अनुसार, रविवार देर रात तीनों आरोपियों ने सुनसान स्थान पर दिलीप तूरी की गला रेतकर हत्या कर दी और शव को वहीं छोड़कर फरार हो गए।

तीनों आरोपी गिरफ्तार, जेल भेजे गए

पुलिस ने 48 घंटे के भीतर कार्रवाई करते हुए तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया है। पुलिस का कहना है कि मामले की आगे की जांच जारी है और सभी पहलुओं की गहनता से पड़ताल की जा रही है।

Share this news

संबंधित खबरें