Samachar Post रिपोर्टर, जमशेदपुर : बिष्टुपुर थाना क्षेत्र में एक प्रिंटिंग प्रेस संचालक ने दुकान की मालकिन और उसके पुत्र पर गंभीर आरोप लगाए हैं। आरोप है कि दुकान का ताला तोड़कर लगभग एक करोड़ रुपये मूल्य के प्रिंटिंग मशीनरी और अन्य सामान हटा दिए गए। मामले को लेकर बिष्टुपुर थाना में लिखित शिकायत दर्ज कराई गई है और पुलिस जांच शुरू कर दी गई है। शिकायतकर्ता के अनुसार, वह बिष्टुपुर थाना क्षेत्र के रोड नंबर-3 स्थित समृद्धि इन्क्लेव के बेसमेंट में “सम्राट एंटरप्राइजेज” नाम से प्रिंटिंग प्रेस चला रहा था। दुकान का क्षेत्रफल करीब 533 वर्गफुट बताया गया है, जिसका मासिक किराया 25 हजार रुपये वह वर्ष 2019 से दुकान मालिक चंद्रवती शर्मा और उनके पुत्र सोनल शर्मा को देता आ रहा था।
फोन कॉल से मिला दुकान खाली होने का पता
प्रेस संचालक ने बताया कि 4 जून 2026 को उन्हें भवन में रहने वाले एक व्यक्ति ने फोन कर सूचना दी कि उनकी दुकान पूरी तरह खाली कर दी गई है और वहां पेंटिंग का काम चल रहा है। जब वह मौके पर पहुंचे तो पाया कि उनके द्वारा लगाया गया ताला हटाकर नया ताला लगा दिया गया था। आसपास के लोगों से पूछताछ में जानकारी मिली कि दुकान के अंदर रखा सारा सामान पहले ही हटा लिया गया है।
यह भी पढ़ें: पाकुड़ कोर्ट परिसर की सुरक्षा व्यवस्था का एसपी ने किया निरीक्षण, लापरवाही पर दी सख्त चेतावनी
एक करोड़ के उपकरण गायब होने का दावा
शिकायत में कहा गया है कि दुकान से कई महंगे उपकरण और मशीनें गायब हैं, जिनमें शामिल हैं। चार अत्याधुनिक जेरॉक्स मशीनें पेपर और स्टिकर कटिंग मशीन, नवर्टर और बैटरियां,सीसीटीवी कैमरे, कंप्यूटर और फर्नीचर, स्प्लिट एसी और अन्य प्रिंटिंग सामग्री शिकायतकर्ता का दावा है कि इन सभी सामानों की कुल कीमत लगभग एक करोड़ रुपये है।

पुलिस ने शुरू की जांच
पीड़ित ने दुकान मालकिन और उनके पुत्र के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। साथ ही सामान की बरामदगी की भी अपील की गई है। बिष्टुपुर थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और जांच शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि सभी तथ्यों की जांच के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

Reporter | Samachar Post
मैंने सेंट्रल यूनिवर्सिटी ऑफ झारखंड से पत्रकारिता में पोस्ट ग्रेजुएशन की डिग्री ली है। पत्रकारिता के क्षेत्र में बतौर रिपोर्टर मेरा अनुभव फिलहाल एक साल से कम है। सामाचार पोस्ट मीडिया के साथ जुड़कर स्टाफ रिपोर्टर के रूप में काम कर रही हूं।
