Samachar Post रिपोर्टर,रांची :झारखंड में मौसम का मिजाज बदल रहा है और गर्मी धीरे-धीरे दस्तक दे रही है। दोपहर के समय तेज धूप लोगों को परेशान कर रही है, वहीं शाम ढलते ही तापमान गिरने से हल्की ठंडक महसूस होने लगती है। दिन और रात के तापमान में इस अंतर से लोगों को असहजता का सामना करना पड़ रहा है। राजधानी रांची सहित खूंटी, लोहरदगा और पलामू के मध्य व पश्चिमी इलाकों में यही स्थिति बनी हुई है दिन में गर्माहट और रात में ठंडक।
उत्तर-पूर्वी जिलों में बढ़ रहा तापमान
राज्य के उत्तर-पूर्वी हिस्सों में पारा चढ़ने लगा है। देवघर, धनबाद, दुमका, गिरिडीह, गोड्डा, जामताड़ा, पाकुड़ और साहिबगंज में अधिकतम तापमान 30 से 34 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने का अनुमान है। गोड्डा और पाकुड़ में 20 फरवरी तक तापमान 34 डिग्री तक पहुंच सकता है। वहीं न्यूनतम तापमान 12 से 16 डिग्री के बीच रहने की संभावना है। सुबह हल्का कुहासा भी छा सकता है, जिससे दृश्यता प्रभावित हो सकती है।
यह भी पढ़ें :रांची में दो वरिष्ठ नेताओं की मुलाकात, पुरानी यादों को किया ताजा
उत्तर-पश्चिमी इलाकों में दिन-रात का बड़ा अंतर
कोडरमा, गढ़वा, लातेहार और लोहरदगा-पलामू क्षेत्र में दिन का तापमान 30 से 33 डिग्री के बीच रहने की संभावना है, जबकि रात में पारा 10 से 12 डिग्री तक गिर सकता है। डॉक्टरों के अनुसार, तापमान में इस तरह के उतार-चढ़ाव से सर्दी-जुकाम और वायरल संक्रमण का खतरा बढ़ सकता है, इसलिए बच्चों और बुजुर्गों को विशेष सावधानी बरतनी चाहिए।
दक्षिणी जिलों में भी बढ़ने लगा गर्मी का असर
दक्षिणी झारखंड में भी गर्मी का प्रभाव दिख रहा है। जमशेदपुर, पश्चिमी सिंहभूम और सरायकेला-खरसावां में न्यूनतम तापमान 16 डिग्री तक दर्ज किया जा सकता है। आने वाले 2-3 दिनों में इसमें 2 से 3 डिग्री तक और बढ़ोतरी की संभावना है। दिन में तेज धूप और शाम की ठंडी हवा के बीच मौसम का बदलाव साफ महसूस हो रहा है। मौसम विभाग के मुताबिक, आने वाले दिनों में राज्य में गर्मी का असर और बढ़ेगा। हालांकि सुबह और शाम के समय हल्की ठंड बनी रह सकती है, जिससे लोगों को कुछ राहत मिलती रहेगी।
Reporter | Samachar Post