Samachar Post रिपोर्टर, रांची :मौसम विभाग ने झारखंड के कई जिलों में आज से 8 अप्रैल तक तेज आंधी और बारिश के साथ-साथ ओलावृष्टि का ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। इस दौरान हवाओं की रफ्तार 60 किलोमीटर प्रति घंटा तक पहुंच सकती है। मौसम वैज्ञानिक अभिषेक आनंद के अनुसार, सोमवार को रांची, रामगढ़, हजारीबाग, कोडरमा, दुमका, देवघर, जामताड़ा, गिरिडीह, धनबाद और बोकारो जिलों में ओले गिरने की संभावना है। मंगलवार को रांची, पूर्वी और पश्चिमी सिंहभूम, सरायकेला, रामगढ़, बोकारो, खूंटी, धनबाद, हजारीबाग, कोडरमा और गिरिडीह में ओलावृष्टि हो सकती है। बुधवार को रांची सहित संताल परगना और कोल्हान के जिलों में भी ओले गिरने की आशंका जताई गई है।
यह भी पढ़ें :झारखंड में हाथियों की जान बचाने के लिए 193 करोड़ की परियोजना: बनेगा रेलवे कॉरिडोर
हालिया बारिश और तापमान में बदलाव
पिछले 24 घंटों में राज्य के कई हिस्सों में बारिश हुई। रामगढ़ में 21 मिमी, बरही में 12.4 मिमी, चाकुलिया में 8.6 मिमी बारिश हुई। रांची, सिमडेगा, चाईबासा, बोकारो और कोडरमा सहित अन्य जिलों में भी हल्की से मध्यम बारिश दर्ज की गई। बारिश के कारण तापमान में भी गिरावट आई है। कई इलाकों में अधिकतम तापमान 1 से 7 डिग्री सेल्सियस कम हुआ। रांची में अधिकतम तापमान 32.7°C और न्यूनतम 18.8°C दर्ज किया गया।
Reporter | Samachar Post