रांची में ऑपरेशन ‘सतर्क’ के तहत बड़ी कार्रवाई, आरपीएफ ने पकड़ी शराब तस्करी

Meenu | February 20, 2026 | 01:57 PM IST

Samachar Post रिपोर्टर,रांची :रेलवे सुरक्षा बल पोस्ट हटिया ने ऑपरेशन ‘सतर्क’ के तहत बड़ी कार्रवाई करते हुए अवैध शराब तस्करी का मामला उजागर किया है। हटिया रेलवे स्टेशन पर जांच के दौरान कुल 85 बोतल शराब बरामद की गई, जिसकी अनुमानित कीमत करीब ₹1.02 लाख बताई जा रही है। इस मामले में तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। आरपीएफ रांची के कमांडेंट के निर्देश पर स्टेशन परिसर में विशेष निगरानी अभियान चलाया गया। प्लेटफॉर्म नंबर 1 और 2 पर संदिग्ध लोगों की तलाशी और एक लावारिस बैग की जांच के दौरान शराब की खेप बरामद हुई।

बिहार ले जाने की थी योजना

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान नवजीत कुमार (अरवल, बिहार), मुकेश कुमार सिंह (रांची) और महेश सोनी (रांची) के रूप में हुई है। पूछताछ में उन्होंने बताया कि वे शराब रांची से खरीदकर ट्रेन संख्या 18624 हटिया–इस्लामपुर एक्सप्रेस के जरिए बिहार ले जाकर अधिक कीमत पर बेचने की योजना बना रहे थे। एक अन्य मामले में स्टेशन के मुख्य द्वार के पास भी 18 बोतल शराब लावारिस हालत में मिली। जांच के दौरान इसे भी जब्त कर लिया गया।

यह भी पढ़ें :पटना में महिला ने डॉक्टर पर दुष्कर्म और 50 लाख ठगी का लगाया आरोप, पुलिस जांच में जुटी

आबकारी विभाग को सौंपे गए आरोपी

बरामद शराब को जब्त कर आरोपियों को आगे की कानूनी कार्रवाई के लिए आबकारी विभाग, रांची को सौंप दिया गया है। इस अभियान में आरपीएफ पोस्ट हटिया के अधिकारियों और स्टाफ की सक्रिय भूमिका रही, जिनकी सतर्कता से कार्रवाई संभव हो सकी।

Share this news

संबंधित खबरें