Samachar Post रिपोर्टर,रांची :नगर निकाय चुनाव की तैयारियों के बीच रांची प्रशासन ने वाहन अधिग्रहण प्रक्रिया तेज कर दी है। मोरहाबादी मैदान स्थित वाहन कोषांग में अब तक करीब 300 वाहन जमा किए जा चुके हैं, जबकि चुनाव कार्य के लिए कुल 510 वाहनों की जरूरत बताई गई है। चुनाव संचालन के लिए लगभग 450 वाहनों का उपयोग किया जाएगा और करीब 60 वाहन रिजर्व रखे जाएंगे, ताकि किसी तरह की कमी न हो। जिला परिवहन पदाधिकारी के अनुसार कई वाहन सीजर लिस्ट में शामिल हैं, लेकिन अभी तक निर्धारित स्थल पर जमा नहीं कराए गए हैं।
यह भी पढ़ें :मेदिनीनगर चुनाव में बॉलीवुड का असर: जया प्रदा भाजपा समर्थित मेयर प्रत्याशी अरुणा शंकर के लिए करेंगी रोड शो
नहीं पहुंचे वाहन तो ब्लैकलिस्ट की चेतावनी
प्रशासन ने ऐसे करीब 100 वाहनों के मालिकों को सख्त चेतावनी दी है, जो सीजर लिस्ट में होने के बावजूद जमा नहीं किए गए। तय समय तक वाहन जमा नहीं करने पर नियमों के तहत ब्लैकलिस्ट करने की कार्रवाई की जाएगी। जमा किए गए वाहनों का उपयोग मतदान कर्मियों को बूथ तक पहुंचाने, सेक्टर मजिस्ट्रेट की ड्यूटी और अन्य प्रशासनिक कार्यों में किया जाएगा। 23 फरवरी को मतदान प्रस्तावित है, इसलिए 22 फरवरी को ही कर्मियों को संबंधित बूथों के लिए रवाना किया जाएगा।
स्कूलों ने दिया सहयोग
वाहन व्यवस्था में इस बार विभिन्न स्कूलों ने भी सहयोग किया है। लगभग 125 बसें उपलब्ध कराई गई हैं, साथ ही छोटे वाहन भी जमा किए गए हैं। मैदान में अधिकारी लगातार मौजूद रहकर व्यवस्थाओं की निगरानी कर रहे हैं।
प्रशासन की तैयारियां अंतिम चरण में
जिला प्रशासन और परिवहन विभाग मिलकर यह सुनिश्चित करने में जुटे हैं कि चुनाव प्रक्रिया सुचारू रूप से संपन्न हो। वाहन, बैठने की व्यवस्था और निगरानी प्रणाली को अंतिम रूप दिया जा रहा है, ताकि मतदान कर्मियों को समय पर सुविधा मिल सके और चुनाव शांतिपूर्ण ढंग से आयोजित हो।
Reporter | Samachar Post