Samachar Post रिपोर्टर, रांची : झारखंड सरकार ने वित्तीय वर्ष 2026-27 के लिए 1,58,560 करोड़ रुपये का बजट पेश किया। वित्त मंत्री राधाकृष्ण किशोर ने इसे राज्य के समग्र विकास का बजट बताया, जिसमें विशेष ध्यान महिलाओं, किसानों और कमजोर वर्गों पर दिया गया है। यह उनके लगातार दूसरे बजट में पिछले साल की तुलना में लगभग 9 प्रतिशत वृद्धि दिखाई दे रही है।
मंईयां सम्मान योजना – हर महीने 2,500 रुपये
बजट में मुख्यमंत्री मंईयां सम्मान योजना के लिए 14,065.57 करोड़ रुपये का प्रावधान किया गया है। योजना के तहत 18 से 50 वर्ष की महिलाओं को हर महीने 2,500 रुपये सीधे उनके बैंक खाते में दिए जाएंगे। यह राशि ग्रामीण इलाकों में महिलाओं के घर खर्च, बच्चों की पढ़ाई और दवा इलाज में मदद करेगी। सरकार का दावा है कि लाखों महिलाओं को सीधा लाभ मिलेगा।
यह भी पढ़ें: बिहार में 10 हजार रिक्त पदों पर भड़के लाइब्रेरियन अभ्यर्थी, कारगिल चौक पर सड़क पर लेटकर प्रदर्शन
महिला किसानों के लिए खुशहाली योजना
महिला किसानों को खेती से जुड़ी सहायता देने के लिए महिला किसान खुशहाली योजना में 25 करोड़ रुपये का प्रावधान किया गया है। बीज, खाद और अन्य जरूरतों में मदद के जरिए महिलाओं की आमदनी बढ़ाने का लक्ष्य है। यह कदम कृषि क्षेत्र में महिलाओं की भागीदारी और आर्थिक सशक्तिकरण को बढ़ावा देगा।
सखी मंडलों को मिलेगा बाजार समर्थन
ग्रामीण क्षेत्रों में काम कर रहे सखी मंडलों के उत्पादों को बढ़ावा देने के लिए “पलाश” ब्रांड पर 66 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे। महिला समूहों द्वारा बनाए जा रहे उत्पादों को बाजार में पहचान और बिक्री बढ़ाने में मदद मिलेगी। इससे महिलाओं को नए रोजगार अवसर और आर्थिक सशक्तिकरण मिलेगा।
जेंडर बजट – 34 हजार करोड़ से अधिक
इस बार कुल जेंडर बजट 34,211.27 करोड़ रुपये रखा गया है। इसमें महिलाओं के साथ-साथ थर्ड जेंडर समुदाय के लिए भी योजनाएं शामिल हैं। सरकार का कहना है कि समाज के सभी वर्गों को साथ लेकर चलना ही असली विकास है।
लागू होने पर असर
विशेषज्ञों का मानना है कि यदि योजनाओं का सही क्रियान्वयन हुआ और राशि समय पर लाभार्थियों तक पहुँची, तो यह बजट महिलाओं की आर्थिक स्थिति को मजबूत कर सकता है। अब सभी की निगाह इस पर है कि ये योजनाएं जमीनी स्तर पर कितनी जल्दी और प्रभावी तरीके से लाभ पहुंचाती हैं।
Reporter | Samachar Post
मैंने सेंट्रल यूनिवर्सिटी ऑफ झारखंड से पत्रकारिता में पोस्ट ग्रेजुएशन की डिग्री ली है। पत्रकारिता के क्षेत्र में बतौर रिपोर्टर मेरा अनुभव फिलहाल एक साल से कम है। सामाचार पोस्ट मीडिया के साथ जुड़कर स्टाफ रिपोर्टर के रूप में काम कर रही हूं।