रांची में हॉकी का महाकुंभ, 28 दिसंबर से शुरू होगी विमेंस हॉकी इंडिया लीग

Meenu | December 22, 2025 | 11:09 AM IST

Samachar Post रिपोर्टर, रांची :झारखंड की राजधानी रांची एक बार फिर हॉकी के रोमांच से सराबोर होने जा रही है। मरांग गोमके एस्ट्रोटर्फ स्टेडियम में 28 दिसंबर से हॉकी इंडिया लीग की शुरुआत होगी। लीग को लेकर शहर में खेल प्रेमियों का उत्साह चरम पर है। रविवार तक लीग में शामिल सभी टीमें रांची पहुंच चुकी हैं और स्टेडियम में अभ्यास सत्र तेज कर दिया गया है। रविवार शाम से अभ्यास की शुरुआत हुई, जिसमें सबसे पहले दिल्ली टीम ने मैदान संभाला। इसके बाद श्राची राढ़ बंगाल टाइगर्स ने अभ्यास किया, जबकि देर रात रांची रॉयल्स की टीम ने बॉयज टीम के साथ प्रैक्टिस मैच खेला।

यह भी पढ़ें :झारखंड में घना कोहरा और शीतलहर का प्रकोप, 8 जिलों में येलो अलर्ट

अभ्यास में तकनीक और रणनीति पर जोर

अभ्यास सत्र के दौरान खिलाड़ियों ने पासिंग, स्ट्राइक, पेनाल्टी कॉर्नर और शूटआउट पर खास फोकस किया। टीमों ने फर्स्ट टच, तेज पासिंग, डिफेंस से अटैक में बदलाव, सर्कल के अंदर फिनिशिंग और प्रेसिंग गेम की लगातार प्रैक्टिस की। हर टीम अपने मुकाबलों के लिए रणनीति बनाती नजर आई।

28 दिसंबर से 10 जनवरी तक चलेगा टूर्नामेंट

विमेंस एचआईएल में प्रतिदिन एक मुकाबला खेला जाएगा। टूर्नामेंट की शुरुआत 28 दिसंबर को होगी, जबकि फाइनल मुकाबला 10 जनवरी को खेला जाएगा। पिछले सीजन की तरह इस बार भी रांची में हाई-वोल्टेज हॉकी मुकाबले देखने को मिलेंगे। घरेलू मैदान पर खेलने वाली रांची रॉयल्स को लेकर स्थानीय दर्शकों में खास उत्साह है। टीम में अधिकांश खिलाड़ी स्थानीय हैं, जिससे फैंस को बेहतर प्रदर्शन की उम्मीद है। कोचिंग स्टाफ का कहना है कि टीम हर मैच को फाइनल की तरह खेलेगी।

स्टेडियम पूरी तरह तैयार, दर्शकों के लिए फ्री एंट्री

मरांग गोमके एस्ट्रोटर्फ स्टेडियम को रंग-रोगन और मरम्मत के बाद पूरी तरह तैयार कर लिया गया है। सुरक्षा, लाइटिंग और दर्शकों की बैठने की व्यवस्था को अंतिम रूप दे दिया गया है। खास बात यह है कि इस बार भी दर्शकों के लिए फ्री एंट्री रखी गई है। विमेंस एचआईएल सीजन-2 में इस बार चार टीमें हिस्सा ले रही हैं। सभी टीमें 27 दिसंबर तक नियमित अभ्यास करेंगी। पिछली बार की रनर-अप सूरमा हॉकी क्लब और श्राची राढ़ बंगाल टाइगर्स को मजबूत दावेदार माना जा रहा है, जबकि पहली बार लीग में उतर रही रांची रॉयल्स को लेकर भी जबरदस्त उत्साह देखने को मिल रहा है।

Share this news

संबंधित खबरें