मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन का दिल्ली दौरा, सारंडा वन प्रकरण पर कानूनी सलाहकारों से होगी चर्चा

Meenu | September 23, 2025 | 01:06 PM IST

Samachar Post रिपोर्टर, रांची :झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन सोमवार को दिल्ली रवाना हुए। उनके साथ मुख्य सचिव अलका तिवारी और मुख्यमंत्री के अपर मुख्य सचिव अविनाश कुमार भी इस दौरे में शामिल हैं।

यह भी पढ़ें :झारखंड के स्कूलों में पढ़ाई जाएगी शिबू सोरेन की गाथा, सरकार ने सिलेबस को दी मंजूरी

सुप्रीम कोर्ट की फटकार के बाद बढ़ी हलचल

जानकारी के अनुसार, दिल्ली प्रवास के दौरान मुख्यमंत्री और वरिष्ठ अधिकारी विधि विशेषज्ञों से मुलाकात कर सकते हैं। दरअसल, हाल ही में सुप्रीम कोर्ट ने झारखंड सरकार को सारंडा वन क्षेत्र को सेंचुरी घोषित नहीं करने पर कड़ी फटकार लगाई थी। न्यायालय ने इस मामले में राज्य की मुख्य सचिव को 8 अक्टूबर को व्यक्तिगत रूप से उपस्थित होकर स्थिति स्पष्ट करने का आदेश दिया है। साथ ही चेतावनी दी है कि यदि आवश्यक कदम नहीं उठाए गए तो जिम्मेदार अधिकारियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की जा सकती है, जिसमें जेल भेजना भी शामिल है।

कानूनी रणनीति पर मंथन की तैयारी

इस पृष्ठभूमि में माना जा रहा है कि दिल्ली प्रवास के दौरान मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन कानूनी सलाहकारों के साथ बैठक कर रणनीति तय करेंगे, ताकि सुप्रीम कोर्ट के आदेश के पालन को लेकर मजबूत पक्ष रखा जा सके।

मंत्रिपरिषद बैठक से पहले वापसी

उधर, राज्य मंत्रिपरिषद की बैठक बुधवार को निर्धारित है। ऐसे में मुख्यमंत्री के मंगलवार शाम तक रांची लौटने की संभावना जताई जा रही है।

Share this news

संबंधित खबरें