कटिहार में आम की पेटियों के नीचे छिपाकर ले जाई जा रही 1740 लीटर विदेशी शराब जब्त, चालक गिरफ्तार

Rupa Kumari | July 24, 2026 | 03:18 PM IST

Samachar Post रिपोर्टर, बिहार : बिहार में शराबबंदी के बावजूद शराब तस्कर नए-नए तरीके अपनाकर अवैध कारोबार को अंजाम देने की कोशिश कर रहे हैं। कटिहार जिले में पुलिस ने वाहन जांच अभियान के दौरान बड़ी कार्रवाई करते हुए एक पिकअप वैन से 1740 लीटर विदेशी शराब बरामद की है। तस्करों ने शराब को आम की पेटियों के नीचे छिपाकर रखा था ताकि किसी को संदेह न हो।

गुप्त सूचना के आधार पर हुई कार्रवाई

जानकारी के अनुसार, पुलिस को सूचना मिली थी कि पश्चिम बंगाल से विदेशी शराब की एक बड़ी खेप कटिहार लाई जा रही है। सूचना के आधार पर मुफस्सिल थाना क्षेत्र के मनियां इलाके में विशेष वाहन जांच अभियान चलाया गया। जांच के दौरान पुलिस ने एक संदिग्ध पिकअप वैन को रोककर तलाशी ली। शुरुआत में वाहन में आम की पेटियां लदी दिखाई दीं, लेकिन गहन जांच करने पर पेटियों के नीचे छिपाकर रखी गई विदेशी शराब की बड़ी खेप बरामद हुई।

पिकअप चालक गिरफ्तार

पुलिस ने मौके से पिकअप वाहन को जब्त कर लिया और चालक राम कुमार राय को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार चालक समस्तीपुर जिले के कल्याणपुर थाना क्षेत्र के तीरा गांव का निवासी बताया जा रहा है। फिलहाल पुलिस उससे पूछताछ कर यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि शराब की खेप कहां से लाई गई थी और इसे किस स्थान तक पहुंचाया जाना था।

तस्करी नेटवर्क की तलाश में जुटी पुलिस

कटिहार के एसडीपीओ विशाल आनंद ने बताया कि जिले में अवैध शराब और मादक पदार्थों की तस्करी रोकने के लिए लगातार अभियान चलाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि तस्कर पुलिस से बचने के लिए लगातार नए तरीके अपना रहे हैं। अधिकारियों के अनुसार, कभी सब्जियों की खेप के बीच तो कभी फलों की पेटियों के नीचे शराब छिपाकर उसकी तस्करी की जा रही है। ऐसे मामलों पर नजर रखने के लिए पुलिस विशेष निगरानी अभियान चला रही है।

यह भी पढ़ें : 22 साल पुराने दहेज उत्पीड़न मामले में आरोपी को राहत, झारखंड हाईकोर्ट ने निचली अदालत की सजा रद्द की

आगे की कानूनी कार्रवाई जारी

पुलिस अब गिरफ्तार चालक से पूछताछ के आधार पर पूरे तस्करी नेटवर्क की कड़ियां जोड़ने में जुटी है। मामले में संबंधित धाराओं के तहत कानूनी कार्रवाई की जा रही है और इस अवैध कारोबार से जुड़े अन्य लोगों की तलाश भी जारी है।

Share this news

संबंधित खबरें