Samachar Post रिपोर्टर, रांची : पूर्व विधायक योगेंद्र साव के खिलाफ कांग्रेस की अनुशासनात्मक कार्रवाई आज निर्णायक मोड़ पर पहुंच सकती है। उन्होंने प्रदेश कांग्रेस द्वारा जारी कारण बताओ नोटिस का जवाब दे दिया है और शनिवार को अनुशासन समिति के समक्ष सशरीर उपस्थित होकर अपना पक्ष रखने जा रहे हैं। इस बीच झारखंड कांग्रेस प्रभारी के. राजू भी रांची पहुंच चुके हैं।
अनुशासन समिति के सामने रखेंगे अपना पक्ष
जानकारी के अनुसार, प्रदेश कांग्रेस कार्यालय में अनुशासन समिति के अध्यक्ष रामेश्वर उरांव और अन्य सदस्य बैठक कर रहे हैं। योगेंद्र साव समिति के सामने अपना पक्ष प्रस्तुत करेंगे, जिसके बाद समिति उनके मामले में अनुशासनात्मक कार्रवाई की सिफारिश कर सकती है। योगेंद्र साव को 20 सितंबर को कारण बताओ नोटिस जारी किया गया था। नोटिस में मुख्यमंत्री के खिलाफ कथित आपत्तिजनक भाषा के इस्तेमाल पर तीन दिनों के भीतर जवाब देने और व्यक्तिगत रूप से उपस्थित होने को कहा गया था।
के. राजू ने दीपिका पांडेय सिंह से की मुलाकात
रांची पहुंचने के बाद कांग्रेस प्रभारी के. राजू सीधे ग्रामीण विकास मंत्री दीपिका पांडेय सिंह के आवास पहुंचे। उन्होंने उनसे मुलाकात कर शोक संवेदना व्यक्त की और इस कठिन समय में सांत्वना दी। सूत्रों के अनुसार, के. राजू शनिवार शाम दिल्ली के लिए रवाना हो सकते हैं, जहां 27 सितंबर को उनका पूर्व निर्धारित कार्यक्रम है।
आज आ सकता है अनुशासन समिति का फैसला
प्रदेश कांग्रेस के भीतर योगेंद्र साव के मामले को लेकर आज की बैठक अहम मानी जा रही है। हालांकि, अंतिम निर्णय और संभावित कार्रवाई को लेकर पार्टी की ओर से आधिकारिक घोषणा का इंतजार है।















