श्रावणी मेला 2026: बाबा नगरी की शाम होगी दिव्य, ड्रोन शो और लेजर लाइट शो से आसमान में दिखेगा महादेव का अद्भुत स्वरूप

Meenu | July 30, 2026 | 11:43 AM IST

Samachar Post रिपोर्टर,देवघर : राजकीय श्रावणी मेला 2026 में इस बार श्रद्धालुओं को भक्ति और आधुनिक तकनीक का अनूठा संगम देखने को मिलेगा। झारखंड पर्यटन विभाग ने मेले को और भव्य बनाने के लिए शिवलोक परिसर में आकर्षक ड्रोन शो, लेजर लाइट शो और लाइट एंड साउंड शो का आयोजन किया है। गुरुवार (30 जुलाई) की शाम 7 बजे से शुरू होने वाला ड्रोन शो श्रद्धालुओं के लिए इस बार का सबसे बड़ा आकर्षण होगा।

यह भी पढ़ें : बांकीपुर उपचुनाव: सुबह 9 बजे तक 4.61% मतदान, 3.79 लाख मतदाता तय करेंगे 25 उम्मीदवारों की किस्मत

आसमान में उकेरी जाएगी महादेव की दिव्य छवि

ड्रोन शो के दौरान सैकड़ों ड्रोन एक साथ उड़ान भरते हुए आकाश में भगवान शिव, बाबा बैद्यनाथ धाम और श्रावणी मेले से जुड़ी दिव्य एवं आध्यात्मिक आकृतियां बनाएंगे। यह मनमोहक दृश्य मंदिर परिसर से लगभग पांच किलोमीटर के दायरे तक देखा जा सकेगा। आयोजकों के अनुसार यह शो श्रद्धालुओं को आध्यात्मिक अनुभूति के साथ आधुनिक तकनीक का अद्भुत अनुभव भी कराएगा। पर्यटन विभाग का उद्देश्य देश-विदेश से आने वाले श्रद्धालुओं को विश्वस्तरीय आयोजन का अनुभव देना है। अत्याधुनिक ड्रोन तकनीक के माध्यम से महादेव की भव्य छवि और बाबा धाम की धार्मिक महत्ता को आकर्षक अंदाज में प्रस्तुत किया जाएगा, जिससे श्रद्धालुओं की आस्था और उत्साह दोनों बढ़ेंगे।

लेजर लाइट और लाइट एंड साउंड शो भी होंगे आकर्षण का केंद्र

श्रावणी मेले को और यादगार बनाने के लिए सूचना एवं जनसंपर्क विभाग की ओर से अत्याधुनिक लेजर लाइट शो और लाइट एंड साउंड शो का भी आयोजन किया जाएगा। लेजर लाइट शो में रंग-बिरंगी रोशनी के जरिए धार्मिक संदेशों और सांस्कृतिक प्रस्तुतियों को दिखाया जाएगा, जबकि लाइट एंड साउंड शो के माध्यम से देवघर और बाबा बैद्यनाथ मंदिर के पौराणिक एवं ऐतिहासिक महत्व को जीवंत रूप में प्रस्तुत किया जाएगा।

श्रद्धालुओं को मिलेगा यादगार अनुभव

प्रशासन का मानना है कि इस बार श्रावणी मेला केवल धार्मिक आयोजन तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि आधुनिक तकनीक से सजे इन कार्यक्रमों के कारण श्रद्धालुओं के लिए एक यादगार अनुभव भी बनेगा। लाखों श्रद्धालु शाम के समय ड्रोन शो, लेजर लाइट शो और लाइट एंड साउंड शो का आनंद लेकर बाबा नगरी की भव्यता को नए रूप में देख सकेंगे।

Share this news

संबंधित खबरें