रांची में तांत्रिक की हत्या, प्लास से सिर पर वार कर उतारा मौत के घाट; चार दोस्त हिरासत में

Meenu | July 23, 2026 | 10:33 AM IST

Samachar Post रिपोर्टर,रांची : राजधानी रांची के सदर थाना क्षेत्र स्थित खोरहाटोली में एक सनसनीखेज हत्या का मामला सामने आया है। अपराधियों ने एक युवक की प्लास से सिर पर ताबड़तोड़ वार कर हत्या कर दी। मृतक की पहचान तपोवन कॉलोनी निवासी रमेश ठाकुर के रूप में हुई है, जो पेशे से तांत्रिक थे और पहले जमीन के कारोबार से भी जुड़े रहे थे। पुलिस ने मामले में मृतक के चार दोस्तों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है।

यह भी पढ़ें : लातेहार में तेज रफ्तार स्कॉर्पियो घर में घुसी, महिला समेत दो की मौत, कई घायल

दोस्तों के साथ शराब पीने के बाद हुई वारदात

पुलिस के अनुसार, रमेश ठाकुर रोज की तरह मंगलवार रात खाना खाने के बाद खोरहाटोली स्थित शंकर ठाकुर के मकान पहुंचे थे, जहां वह अक्सर रात में ठहरते थे। बताया जा रहा है कि देर रात वह अपने कुछ दोस्तों के साथ शराब पी रहे थे। इसी दौरान किसी बात को लेकर विवाद हो गया, जिसके बाद उन पर प्लास से जानलेवा हमला कर दिया गया। बुधवार सुबह मकान में रहने वाले किरायेदारों ने रमेश को कमरे में खून से लथपथ अचेत अवस्था में पड़ा देखा। सूचना मिलने पर सदर थाना पुलिस मौके पर पहुंची।

घटनास्थल से खून से सना प्लास और शराब की बोतल बरामद

पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए रिम्स भेज दिया। घटनास्थल की तलाशी के दौरान कमरे से खून से सना प्लास, शराब की बोतल और अन्य महत्वपूर्ण सामान बरामद किया गया। सभी साक्ष्यों को जब्त कर फॉरेंसिक जांच के लिए भेजा गया है। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि विवाद के दौरान आरोपियों ने रमेश ठाकुर के सिर पर कई बार प्लास से हमला किया, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई। वारदात के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए। मामले की जांच के दौरान पुलिस ने मृतक के चार दोस्तों को हिरासत में लिया है। इसके अलावा मकान में रहने वाले किरायेदारों और अन्य लोगों से भी पूछताछ की जा रही है, ताकि हत्या से पहले और बाद की पूरी घटनाक्रम की जानकारी मिल सके।

जमीन विवाद के एंगल से भी जांच

पुलिस इस बात की भी जांच कर रही है कि हत्या केवल आपसी विवाद का परिणाम थी या इसके पीछे कोई और वजह है। चूंकि रमेश ठाकुर पहले जमीन के कारोबार से जुड़े रहे थे, इसलिए जमीन विवाद के पहलू को भी जांच में शामिल किया गया है। सदर थाना प्रभारी कुलदीप कुमार ने बताया कि सभी संभावित पहलुओं पर जांच की जा रही है। पूछताछ और साक्ष्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

Share this news

संबंधित खबरें