15 अगस्त को रांची में आंदोलनरत छात्रों की भव्य तिरंगा यात्रा, 24 जिलों से पहुंचेंगे छात्र

Meenu | August 14, 2026 | 03:53 PM IST

Samachar Post रिपोर्टर, रांची : स्वतंत्रता दिवस के मौके पर रांची में आंदोलनरत छात्रों ने भव्य तिरंगा यात्रा निकालने का फैसला किया है। 15 अगस्त को प्रस्तावित इस यात्रा में झारखंड के सभी 24 जिलों से छात्रों के शामिल होने की संभावना है। तिरंगा यात्रा का आयोजन रिफॉर्म मंच की ओर से किया जा रहा है। मंच ने विभिन्न छात्र संगठनों से एकजुट होकर यात्रा में शामिल होने की अपील की है। छात्रों के मुताबिक, कार्यक्रम पूरी तरह शांतिपूर्ण रहेगा और इसके जरिए वे अपनी मांगों को एक बार फिर सरकार के सामने रखेंगे।

यह भी पढ़ें : DC के निरीक्षण के बाद भी नहीं सुधरी व्यवस्था, हजारीबाग मेडिकल कॉलेज के डेंटल OT में टपक रहा शौचालय का पानी

14 अगस्त की शाम से रांची पहुंचने की अपील

आयोजकों ने छात्रों से 14 अगस्त की शाम से ही जयपाल सिंह मुंडा स्टेडियम पहुंचने की अपील की है। अलग-अलग जिलों से छात्रों के रांची पहुंचने की संभावना है। आयोजकों का कहना है कि तिरंगा यात्रा के जरिए छात्र लोकतांत्रिक तरीके से अपनी आवाज सरकार तक पहुंचाएंगे। यात्रा को लेकर छात्र संगठनों के बीच समन्वय बनाने की भी कोशिश की जा रही है।

JSSC CGL और JPSC परीक्षा को लेकर आंदोलन जारी

आंदोलनरत छात्र JSSC CGL और JPSC की 11वीं से 13वीं संयुक्त प्रतियोगिता परीक्षा को रद्द करने की मांग कर रहे हैं। छात्रों का आरोप है कि इन परीक्षाओं में अनियमितता और धांधली हुई है। इसी के साथ वे पूरे मामले की CBI जांच कराने की मांग भी कर रहे हैं। छात्रों के मुताबिक, सरकार ने उनकी कुछ मांगों पर सहमति जताई है, लेकिन कई प्रमुख मांगों पर अब तक पूर्ण सहमति नहीं बनी है। ऐसे में स्वतंत्रता दिवस पर आयोजित होने वाली तिरंगा यात्रा को मौजूदा छात्र आंदोलन के लिहाज से महत्वपूर्ण माना जा रहा है। छात्रों का कहना है कि उनका आंदोलन किसी टकराव के लिए नहीं, बल्कि अपनी मांगों को लोकतांत्रिक तरीके से सरकार तक पहुंचाने के लिए है।

शांतिपूर्ण प्रदर्शन का दावा

रिफॉर्म मंच और आंदोलनरत छात्रों ने स्पष्ट किया है कि तिरंगा यात्रा शांतिपूर्ण तरीके से निकाली जाएगी। छात्रों का कहना है कि वे संविधान और लोकतांत्रिक व्यवस्था के तहत अपनी मांगों को उठाते रहेंगे। अब नजर इस बात पर है कि 15 अगस्त को प्रस्तावित तिरंगा यात्रा में कितने छात्र शामिल होते हैं और इसके बाद सरकार की ओर से आंदोलन को लेकर क्या कदम उठाया जाता है।

Share this news

संबंधित खबरें