मुहर्रम के मद्देनजर 27 जून को रांची के सभी स्कूल रहेंगे बंद, जिला प्रशासन का आदेश

Samachar Post रिपोर्टर, रांची : मुहर्रम के अवसर पर 27 जून को रांची जिले के सभी सरकारी, गैर-सरकारी, सहायता प्राप्त और निजी विद्यालय बंद रहेंगे। जिला प्रशासन ने ताजिया और अखाड़ा जुलूस को देखते हुए यह निर्णय लिया है। प्रशासन के अनुसार, मुहर्रम के दिन जिले के विभिन्न क्षेत्रों में ताजिया और अखाड़ा जुलूस निकाले जाएंगे, जिसके कारण कई प्रमुख मार्गों पर यातायात प्रभावित रहने की संभावना है। ऐसे में स्कूली बच्चों के आवागमन में परेशानी हो सकती है। इसी को ध्यान में रखते हुए सभी विद्यालयों में अवकाश घोषित किया गया है।

विशेष अनुमति से हो सकेंगी परीक्षाएं

जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि जिन विद्यालयों में पहले से निर्धारित कार्यक्रम के तहत परीक्षा आयोजित की जानी है, वे जिला शिक्षा पदाधिकारी (DEO) की अनुमति प्राप्त कर परीक्षा संचालित कर सकते हैं।

यह भी पढ़ें: रांची को मिलेंगे तीन नए फ्लाईओवर, अरगोड़ा, हरमू और करमटोली परियोजनाओं की टेंडर प्रक्रिया शुरू

शांति और सौहार्द बनाए रखने की अपील

प्रशासन ने सभी विद्यालय प्रबंधन, अभिभावकों और आम नागरिकों से सहयोग की अपील की है। साथ ही मुहर्रम का पर्व शांति, सद्भाव और आपसी भाईचारे के साथ मनाने का आग्रह किया गया है। मुहर्रम के दौरान सुरक्षा व्यवस्था और यातायात प्रबंधन को लेकर जिला प्रशासन एवं पुलिस प्रशासन भी आवश्यक तैयारियों में जुटा हुआ है।

संबंधित खबरें