Samachar Post रिपोर्टर,रांची : राजधानी रांची के सदर थाना क्षेत्र स्थित कोकर इंडस्ट्रियल एरिया में रविवार को टाटा मोटर्स के सर्विस सेंटर में अचानक भीषण आग लग गई। आग सर्विस सेंटर परिसर में खड़ी कई गाड़ियों तक पहुंच गई, जिससे कई वाहन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए। आग लगने के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। सर्विस सेंटर में मौजूद कर्मचारियों और आसपास के लोगों ने तत्काल फायर ब्रिगेड और पुलिस को सूचना दी। बताया जा रहा है कि रविवार को सर्विस सेंटर के खुले परिसर और वर्कशॉप में खड़ी गाड़ियों से अचानक धुआं निकलने लगा। कुछ ही देर में आग की लपटें तेज हो गईं और आसपास खड़े दूसरे वाहनों को भी अपनी चपेट में ले लिया। आग तेजी से फैलने के कारण सर्विस सेंटर परिसर में मौजूद लोगों में हड़कंप मच गया।
यह भी पढ़ें : JPSC परीक्षा विवाद: CID पूछताछ में गिरफ्तार आरोपी के दावे, OMR-OSM शीट में हेरफेर की बात आई सामने
फायर ब्रिगेड ने कड़ी मशक्कत के बाद पाया काबू
घटना की सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची। दमकलकर्मियों ने काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। हालांकि, आग बुझाए जाने तक परिसर में खड़ी कई गाड़ियां बुरी तरह जल चुकी थीं। आग से सर्विस सेंटर में हुए नुकसान का आकलन किया जा रहा है।

शॉर्ट सर्किट से आग लगने की आशंका
फिलहाल आग लगने के सटीक कारणों की पुष्टि नहीं हुई है। शुरुआती अनुमान में शॉर्ट सर्किट की आशंका जताई जा रही है। पुलिस और संबंधित अधिकारी घटना के कारणों की जांच कर रहे हैं। आग की इस घटना में किसी के हताहत होने की जानकारी फिलहाल सामने नहीं आई है।

Reporter | Samachar Post

