Samachar Post रिपोर्टर,रांची : रांची के अरगोड़ा थाना क्षेत्र से कथित रूप से अपहृत युवक को पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए रामगढ़ जिले के कुजू से सकुशल बरामद कर लिया। संयुक्त अभियान में पुलिस ने अपहरण में इस्तेमाल की गई बोलेरो को जब्त कर पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है। सभी आरोपियों को आगे की पूछताछ और कानूनी कार्रवाई के लिए रांची पुलिस अपने साथ ले गई है।
यह भी पढ़ें : जामताड़ा बनेगा काजू हब! प्रसंस्करण इकाई स्थापित करने की तैयारी तेज, किसानों की बढ़ेगी आय
पुराने विवाद में कथित अपहरण का आरोप
पुलिस के अनुसार, अरगोड़ा थाना क्षेत्र निवासी राजू साव का शनिवार को कथित रूप से पुराने विवाद के कारण अपहरण किया गया। आरोप है कि उन्हें बोलेरो (JH02BH-0714) में बैठाकर घाटो ओपी क्षेत्र की ओर ले जाया जा रहा था। घटना की सूचना मिलते ही अरगोड़ा थाना और रांची सदर थाना पुलिस ने वाहन का पीछा शुरू किया। साथ ही रामगढ़ जिले के कुजू थाना को भी अलर्ट कर दिया गया।
नया मोड़ फोरलेन पर घेराबंदी, युवक सकुशल मुक्त
सूचना के आधार पर कुजू थाना पुलिस ने नया मोड़ फोरलेन पर घेराबंदी कर सघन वाहन जांच अभियान चलाया। कुछ ही देर बाद संदिग्ध बोलेरो वहां पहुंची, जिसके बाद रांची और कुजू पुलिस की संयुक्त टीम ने वाहन को रोक लिया। कार्रवाई के दौरान पुलिस ने राजू साव को सकुशल मुक्त करा लिया और मौके से बोलेरो समेत पांच आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। अपहरण में इस्तेमाल वाहन भी जब्त कर लिया गया।

आरोपियों से पूछताछ जारी
पुलिस ने फिलहाल गिरफ्तार आरोपियों की पहचान सार्वजनिक नहीं की है। अधिकारियों का कहना है कि मामले की जांच जारी है और पूछताछ के आधार पर पूरे घटनाक्रम का खुलासा किया जाएगा। यदि जांच में अन्य लोगों की संलिप्तता सामने आती है तो उनके खिलाफ भी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

Reporter | Samachar Post

