स्वतंत्रता दिवस पर रांची में ट्रैफिक व्यवस्था में बड़ा बदलाव, सुबह 6 बजे से रात 10 बजे तक भारी वाहनों की नो एंट्री

Rupa Kumari | August 14, 2026 | 04:04 PM IST

Samachar Post रिपोर्टर, रांची : स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर 15 अगस्त को मोरहाबादी मैदान में आयोजित राज्य स्तरीय मुख्य समारोह को लेकर रांची शहर की यातायात व्यवस्था में व्यापक बदलाव किए गए हैं। प्रशासन ने सुरक्षा और यातायात को सुचारू बनाए रखने के लिए सुबह 6 बजे से रात 10 बजे तक शहर में भारी वाहनों के प्रवेश पर पूर्ण प्रतिबंध लगाने का निर्णय लिया है। यातायात पुलिस ने समारोह में शामिल होने वाले अतिथियों, आम नागरिकों और वाहन चालकों के लिए अलग-अलग रूट और पार्किंग व्यवस्था निर्धारित की है। प्रशासन द्वारा शहर के विभिन्न स्थानों पर ड्रॉप गेट बनाए गए हैं। ड्रॉप गेट संख्या 1, 3, 7, 9, 18, 20 और 23 से केवल मुख्यमंत्री, वीवीआईपी, मीडियाकर्मी और वैध पासधारी वाहनों को ही प्रवेश की अनुमति होगी। अन्य वाहनों को निर्धारित मार्गों का उपयोग करना होगा।

बड़े वाहनों के लिए निर्धारित सीमाएं

कांके से बोड़ेया होते हुए आने वाले बड़े वाहन केवल बोड़ेया तक ही आ सकेंगे। चाईबासा और खूंटी से आने वाले भारी वाहनों को बिरसा चौक तक ही अनुमति होगी। गुमला और सिमडेगा से आने वाले वाहन अरगोड़ा और आईटीआई पड़ाव तक ही जा सकेंगे। जमशेदपुर की ओर से आने वाले बड़े वाहनों को दुर्गा सोरेन चौक (नामकुम) और सदाबहार चौक के पास रोका जाएगा। कांके-पतरातू मार्ग से आने वाले वाहनों को लॉ यूनिवर्सिटी तक ही प्रवेश मिलेगा। बूटी मोड़ से कोकर की ओर जाने वाले वाहनों को बूटी मोड़ और खेलगांव चौक तक सीमित किया जाएगा।

वीवीआईपी और अतिथियों के लिए अलग रूट

मुख्यमंत्री, उच्च न्यायालय के न्यायाधीश, सांसद और विधायक एटीआई मोड़, सिदो-कान्हू पार्क मोड़, डीएसपीएमयू मोड़ और राजकीय अतिथि गृह मार्ग से होते हुए वीवीआईपी प्रवेश द्वार तक पहुंचेंगे। केंद्र और राज्य सरकार के अधिकारी हॉटलिप्स चौक, एटीआई मोड़, रणधीर वर्मा चौक और उपायुक्त आवास चौक होते हुए कार्यक्रम स्थल तक पहुंचेंगे।

पार्किंग की विशेष व्यवस्था

मुख्यमंत्री और वीवीआईपी वाहनों की पार्किंग मुख्य मंच के पीछे होगी। अन्य अधिकृत वाहनों के लिए मुख्य मंच के पश्चिमी हिस्से और बापू वाटिका के सामने पार्किंग की व्यवस्था रहेगी। अधिकारियों के वाहनों को ऑक्सीजन पार्क के समीप निर्धारित पार्किंग स्थल में खड़ा किया जाएगा। मीडियाकर्मियों के वाहनों के लिए बापू वाटिका के सामने अलग पार्किंग क्षेत्र तय किया गया है। आम लोगों के वाहनों के लिए टीआरआई के सामने स्थित मैदान में पार्किंग की सुविधा उपलब्ध रहेगी।

यह भी पढ़ें : 15 अगस्त को रांची में आंदोलनरत छात्रों की भव्य तिरंगा यात्रा, 24 जिलों से पहुंचेंगे छात्र

इन क्षेत्रों में पार्किंग रहेगी प्रतिबंधित

समारोह के दौरान उपायुक्त आवास मोड़ से हॉकी स्टेडियम तक तथा रांची कॉलेज मोड़ से वीवीआईपी प्रवेश द्वार तक किसी भी प्रकार के वाहन की पार्किंग पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगी।यातायात पुलिस ने लोगों से अपील की है कि वे निर्धारित मार्गों और पार्किंग स्थलों का ही उपयोग करें, ताकि स्वतंत्रता दिवस समारोह के दौरान यातायात व्यवस्था सुचारू और सुरक्षित बनी रहे।

Share this news

संबंधित खबरें