- बेड़ो थाना क्षेत्र के हाठु गांव के पास हुई दुर्घटना, पुलिस जांच में जुटी
Samachar Post रिपोर्टर, रांची : रांची-गुमला राष्ट्रीय राजमार्ग (NH-43) पर गुरुवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसे में बालू लदे हाइवा के चालक और खलासी की मौके पर ही मौत हो गई। दुर्घटना बेड़ो थाना क्षेत्र के हाठु गांव के समीप हुई, जहां हाइवा और ट्रक के बीच आमने-सामने की जोरदार टक्कर हो गई। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, टक्कर इतनी भीषण थी कि हाइवा का अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी और चीख-पुकार मच गई। दुर्घटना की सूचना मिलते ही बेड़ो थाना पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और राहत कार्य शुरू किया।
ग्रामीणों की मदद से निकाले गए शव
हादसे के बाद हाइवा में फंसे चालक और खलासी को बाहर निकालने के लिए पुलिस और स्थानीय ग्रामीणों को काफी मशक्कत करनी पड़ी। दोनों की मौके पर ही मौत हो चुकी थी। पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।

कुछ समय तक बाधित रहा यातायात
दुर्घटना के कारण NH-43 पर कुछ समय के लिए यातायात प्रभावित रहा। बाद में पुलिस ने क्षतिग्रस्त वाहनों को हटवाकर आवागमन सामान्य कराया। फिलहाल पुलिस हादसे के कारणों की जांच कर रही है और दोनों मृतकों की पहचान से संबंधित प्रक्रिया भी जारी है।


















