रांची: कांची नदी किनारे रेत में दबी 17 वर्षीय किशोरी का शव बरामद, जांच में जुटी पुलिस

Rupa Kumari | June 24, 2026 | 03:13 PM IST

Samachar Post रिपोर्टर, रांची : रांची के दशम फॉल थाना क्षेत्र में कांची नदी के किनारे रेत में दबी एक 17 वर्षीय किशोरी का शव बरामद किया गया है। इस मामले का खुलासा उस समय हुआ जब ग्रामीणों ने नदी किनारे एक कुत्ते को लगातार एक स्थान पर खुदाई करते देखा। जानकारी के अनुसार, चुरगी पंचायत के सारजमडीह गांव के लोग मंगलवार को कांची नदी के किनारे पहुंचे थे। इसी दौरान उन्होंने देखा कि एक कुत्ता लगातार एक ही जगह पर रेत खोद रहा था। संदेह होने पर ग्रामीण पास पहुंचे तो वहां मानव शरीर के हिस्से दिखाई दिए, जिसके बाद तत्काल पुलिस को सूचना दी गई।

पुलिस ने मौके से बरामद किया शव

सूचना मिलने पर दशम फॉल थाना पुलिस मौके पर पहुंची और खुदाई कर शव को बाहर निकाला। मृतका की पहचान 17 वर्षीय हिस्सी कुमारी के रूप में हुई है। परिजनों के अनुसार, वह पिछले लगभग एक सप्ताह से लापता थी और उसकी तलाश की जा रही थी। बताया गया है कि किशोरी मूल रूप से अड़की थाना क्षेत्र के बाड़ीगाड़ा गांव की रहने वाली थी और वह अपने मामा के घर रह रही थी।

यह भी पढ़ें: मुहर्रम को लेकर शहरी क्षेत्र में भारी वाहनों पर रोक

हत्या की आशंका, जांच जारी

पुलिस ने प्रारंभिक जांच में हत्या की आशंका जताई है। अनुमान है कि आरोपियों ने वारदात को छिपाने के लिए शव को कांची नदी किनारे रेत में दफना दिया था। फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी है और यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि हत्या के पीछे कौन लोग शामिल हैं और इसकी वजह क्या थी। शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया गया है, जिसकी रिपोर्ट के बाद मौत के कारणों की पुष्टि हो सकेगी। पुलिस अधिकारियों के अनुसार, मामले की सभी पहलुओं से जांच की जा रही है और जल्द ही आरोपियों की पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है।

Share this news

संबंधित खबरें