रांची हाई प्रोफाइल चोरी: 80 लाख की जगुआर से पहुंचे बदमाश, जांच के लिए SIT गठित

Meenu | July 11, 2026 | 11:01 AM IST

Samachar Post रिपोर्टर,रांची : रांची के पॉश अशोक नगर इलाके में हुई हाई प्रोफाइल चोरी की जांच में पुलिस को कई अहम सुराग मिले हैं। शुरुआती जांच के अनुसार वारदात को अंजाम देने वाले दो बदमाश 8 जुलाई की दोपहर करीब 80 लाख रुपये की जगुआर कार से रांची पहुंचे थे। कार पर उत्तर प्रदेश का नंबर प्लेट लगा था। दोनों आरोपियों ने जगन्नाथपुर स्थित होटल पार्क रिट्रीट में फर्जी आधार कार्ड के जरिए कमरा लिया और वहीं ठहरे। पुलिस को आशंका है कि होटल में इस्तेमाल किया गया आधार कार्ड भी फर्जी है। जांच में यह भी सामने आया है कि आरोपी होटल से कई बार बाहर निकले, जिससे माना जा रहा है कि उन्होंने वारदात से पहले इलाके की रेकी की थी।

यह भी पढ़ें : जामताड़ा DC की संवेदनशील पहल: गाड़ी रोककर सुनी युवती की फरियाद, अब मिलेगा मंईया सम्मान योजना का बकाया भुगतान

रेकी के बाद बिल्डर के घर को बनाया निशाना

पुलिस के अनुसार रेकी पूरी करने के बाद दोनों बदमाश बुधवार देर रात अशोक नगर रोड नंबर 4बी स्थित बिल्डर अखिलेश पांडेय के घर में घुसे। एक आरोपी घर के अंदर चोरी करता रहा, जबकि दूसरा बाहर निगरानी करता रहा। इसके बाद बदमाशों ने बिल्डर निशित केसरी के घर में भी चोरी की कोशिश की, लेकिन वहां मौजूद अंगरक्षक ने फायरिंग कर दी। गोली चलने के बाद दोनों आरोपी मौके से भाग निकले और सीधे होटल पार्क रिट्रीट पहुंचे। रात वहीं रुकने के बाद गुरुवार सुबह करीब 5:20 बजे होटल छोड़कर फरार हो गए।

तीसरे साथी की भी तलाश

सीसीटीवी फुटेज, तकनीकी साक्ष्यों और अन्य इनपुट के आधार पर पुलिस को शक है कि इस वारदात में एक तीसरा आरोपी भी शामिल था। बताया जा रहा है कि वह दूसरी कार से रांची आया था और होटल में नहीं रुका। पुलिस का मानना है कि वह आसपास रहकर अपने साथियों को पुलिस की गतिविधियों की जानकारी देता रहा।

जांच के लिए SIT का गठन

मामले की गंभीरता को देखते हुए सिटी एसपी पारस राणा ने विशेष जांच दल (SIT) का गठन किया है। इस टीम का नेतृत्व कोतवाली एएसपी निखिल राय करेंगे। एसआईटी में कोतवाली, धुर्वा, जगन्नाथपुर और पुंदाग ओपी के थाना प्रभारियों को भी शामिल किया गया है। पुलिस होटल के सीसीटीवी फुटेज, फर्जी आधार कार्ड, जगुआर कार की आवाजाही और अन्य तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों की पहचान और गिरफ्तारी के प्रयास में जुटी है।

98 लाख रुपये की संपत्ति चोरी होने का दावा

मामले में अरगोड़ा थाना में प्राथमिकी दर्ज की गई है। बिल्डर अखिलेश पांडेय के पुत्र आशुतोष पांडेय ने शिकायत में आरोप लगाया है कि अज्ञात बदमाश उनके पिता पर जानलेवा हमला करने की नीयत से घर में घुसे थे। पिता के नहीं मिलने पर आरोपी नकदी, आभूषण और अन्य कीमती सामान लेकर फरार हो गए। शिकायत के अनुसार सुबह परिवार की नींद खुली तो घर की अलमारियां और वार्डरोब टूटे मिले तथा सामान बिखरा पड़ा था। चोरी गए सामान में करीब 8 लाख रुपये नकद, लगभग 600 ग्राम सोने के आभूषण, हीरे का सेट, गोल्ड और रुबी के आभूषण, चांदी के जेवर, सगाई के कीमती उपहार और कई महत्वपूर्ण दस्तावेज शामिल हैं। शिकायत के मुताबिक चोरी गई संपत्ति की कुल कीमत करीब 98 लाख रुपये आंकी गई है। पुलिस पूरे मामले की विभिन्न पहलुओं से जांच कर रही है।

Share this news

संबंधित खबरें