Samachar Post रिपोर्टर,रांची : झारखंड की राजधानी रांची की रहने वाली और सीआईएसएफ की डिप्टी कमांडेंट अर्चना रेशमा मिंज को स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर राष्ट्रपति ने पुलिस मेडल फॉर मेरिटोरियस सर्विस से सम्मानित किया है। उन्हें यह सम्मान उत्कृष्ट और सराहनीय सेवा के लिए दिया गया है। वर्तमान में अर्चना अहमदाबाद एयरपोर्ट की सुरक्षा व्यवस्था की जिम्मेदारी संभाल रही हैं।
यह भी पढ़ें : झारखंड में अगले 5 दिन बदला रहेगा मौसम, 23 अगस्त को 6 जिलों में भारी बारिश का अलर्ट
कोनका-सिरमटोली की रहने वाली हैं अर्चना
अर्चना रेशमा मिंज मूल रूप से रांची के कोनका-सिरमटोली की रहने वाली हैं। उन्होंने वर्ष 2002 में SSC CGL-1999 के माध्यम से सीआईएसएफ में सब-इंस्पेक्टर के रूप में अपने करियर की शुरुआत की थी। हैदराबाद में प्रशिक्षण पूरा करने के बाद उन्होंने कमांडो ट्रेनिंग भी हासिल की। सेवा के दौरान उन्होंने चुनौतीपूर्ण परिस्थितियों में अपनी जिम्मेदारियों को बखूबी निभाया।
देश के कई महत्वपूर्ण प्रतिष्ठानों की संभाली सुरक्षा
सीआईएसएफ में अपने सेवा कार्यकाल के दौरान अर्चना रेशमा मिंज ने देश के कई महत्वपूर्ण प्रतिष्ठानों और संवेदनशील स्थानों की सुरक्षा व्यवस्था में योगदान दिया। उन्होंने दिल्ली के आईजीआई एयरपोर्ट, बेंगलुरु एयरपोर्ट, आरटीसी बरवाहा और बोकारो स्टील प्लांट समेत कई महत्वपूर्ण स्थानों पर अपनी सेवाएं दी हैं।

अहमदाबाद विमान हादसे में दिखाया साहसिक नेतृत्व
अर्चना रेशमा मिंज के सेवा जीवन का सबसे महत्वपूर्ण अध्याय 12 जून 2025 को हुए अहमदाबाद एयर इंडिया AI-171 विमान हादसे से जुड़ा है। हादसे के करीब 20 मिनट के भीतर वह घटनास्थल पर पहुंच गई थीं। आग, धुएं और मलबे के बीच उन्होंने राहत एवं बचाव अभियान का नेतृत्व किया। बेहद चुनौतीपूर्ण परिस्थितियों में उन्होंने अपनी टीम के साथ बचाव कार्य को आगे बढ़ाया।
मलबे में फंसे डॉक्टर की बचाई जान
राहत और बचाव अभियान के दौरान अर्चना रेशमा मिंज के त्वरित निर्णय और साहसिक नेतृत्व ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। उनकी टीम की कार्रवाई से कई लोगों को बचाने में मदद मिली। इसी अभियान के दौरान मलबे में फंसे एक डॉक्टर की जान बचाने में भी उनकी अहम भूमिका रही। उनके साहस, त्वरित निर्णय और सराहनीय सेवा को देखते हुए उन्हें स्वतंत्रता दिवस पर पुलिस मेडल फॉर मेरिटोरियस सर्विस से सम्मानित किया गया। रांची की बेटी अर्चना रेशमा मिंज की इस उपलब्धि को झारखंड के लिए भी गौरव का क्षण माना जा रहा है।

Reporter | Samachar Post

