Samachar Post रिपोर्टर, रांची : राजधानी रांची के अरगोड़ा स्थित माही रेस्टोरेंट के संचालक से एक करोड़ रुपये की रंगदारी मांगने का मामला सामने आया है। आरोप है कि रकम नहीं देने पर रेस्टोरेंट संचालक और उनके परिवार को जान से मारने के साथ दुकान में आग लगाने की धमकी दी गई। मामले में रेस्टोरेंट संचालक दिनेश कुमार मिश्रा ने अरगोड़ा थाना में प्राथमिकी दर्ज कराई है।प्राथमिकी में पंडरा निवासी रवि प्रकाश जायसवाल, अनूप गर्ग और एक अन्य व्यक्ति को आरोपी बनाया गया है।
रेस्टोरेंट पहुंचकर रंगदारी मांगने का आरोप
दिनेश मिश्रा के अनुसार, 19 अगस्त की शाम करीब 6:30 बजे वह माही रेस्टोरेंट में बैठे थे। इसी दौरान रवि प्रकाश जायसवाल एक अन्य व्यक्ति के साथ वहां पहुंचा। आरोप है कि दोनों ने बताया कि उन्हें अनूप गर्ग ने भेजा है। दिनेश मिश्रा का कहना है कि आरोपियों ने उनके बड़े भाई संजय मिश्रा द्वारा अनूप गर्ग के खिलाफ रांची जिला न्यायालय और दिल्ली हाईकोर्ट में दायर क्वैशिंग याचिका का जिक्र किया और उसे वापस लेने का दबाव बनाया। इसके बाद कथित तौर पर दिनेश मिश्रा से एक करोड़ रुपये की मांग की गई। आरोप है कि सात दिनों के भीतर रकम नहीं देने पर उन्हें और उनके परिवार के सदस्यों को जान से मारने तथा रेस्टोरेंट में आग लगाने की धमकी दी गई। रेस्टोरेंट संचालक ने पुलिस को बताया है कि पूरी घटना परिसर में लगे सीसीटीवी कैमरों में रिकॉर्ड हुई है। पुलिस अब प्राथमिकी के आधार पर मामले की जांच कर रही है और घटना से जुड़े साक्ष्यों को खंगाल रही है।

यह भी पढ़ें : 3-4 माह से मजदूरी बकाया, 1 सितंबर से झारखंड के खाद्यान्न गोदामों में काम बंद करने की चेतावनी
दूसरे पक्ष ने भी दर्ज कराया केस
मामले में नया मोड़ तब आया जब आरोपी बनाए गए रवि प्रकाश जायसवाल ने भी दिनेश मिश्रा और अरविंद मिश्रा के खिलाफ अरगोड़ा थाना में प्राथमिकी दर्ज करा दी। रवि प्रकाश का आरोप है कि दोनों ने समझौते के लिए उन्हें केएफसी के पास स्थित अपनी दुकान पर बुलाया था। उनका कहना है कि वहां पहुंचने के बाद दोनों ने दर्ज मामले में समझौता करने का दबाव बनाया। विरोध करने पर उनके साथ मारपीट और गाली-गलौज किए जाने का भी आरोप लगाया गया है। पुलिस अब दोनों पक्षों की शिकायत के आधार पर पूरे मामले की जांच कर रही है

Reporter | Samachar Post
मैंने सेंट्रल यूनिवर्सिटी ऑफ झारखंड से पत्रकारिता में पोस्ट ग्रेजुएशन की डिग्री ली है। पत्रकारिता के क्षेत्र में बतौर रिपोर्टर मेरा अनुभव फिलहाल एक साल से कम है। सामाचार पोस्ट मीडिया के साथ जुड़कर स्टाफ रिपोर्टर के रूप में काम कर रही हूं।

