जुआ खेलने की लत ने बनाया हत्यारा, बेटे ने कुदाल से वार कर पिता की हत्या की

Rupa Kumari | April 8, 2026 | 01:33 PM IST

Samachar Post रिपोर्टर, रांची: राजधानी रांची से रिश्तों को शर्मसार करने वाली घटना सामने आई है, जहां जुए की लत में डूबे बेटे ने अपने ही पिता की बेरहमी से हत्या कर दी। आरोपी ने कुदाल से ताबड़तोड़ वार कर पिता को मौत के घाट उतार दिया। घटना एयरपोर्ट थाना क्षेत्र के हाराटांड़ की है। मृतक की पहचान गोविंद साहू के रूप में हुई है, जबकि आरोपी बेटा कमल साहू को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है।

पैसे को लेकर हुआ विवाद

पुलिस के अनुसार 32 वर्षीय कमल साहू को जुआ खेलने की लत थी और वह पहले ही काफी पैसे हार चुका था। इसके बाद वह अपने पिता से लगातार पैसे मांग रहा था। पिता गोविंद साहू ने पैसे देने से साफ इनकार कर दिया। इसी बात को लेकर दोनों के बीच विवाद बढ़ गया।

यह भी पढ़ें: जेल के पास तीन दुकानों में चोरी, हजारों की नगदी लेकर फरार हुए चोर

गुस्से में किया जानलेवा हमला

बताया जा रहा है कि पिता के मना करने पर कमल साहू गुस्से में आ गया और पास में पड़ी कुदाल उठाकर पिता पर ताबड़तोड़ वार कर दिया। गंभीर चोट लगने से गोविंद साहू की मौके पर ही मौत हो गई। वारदात के बाद इलाके में सनसनी फैल गई।

पुलिस ने आरोपी बेटे को किया गिरफ्तार

घटना की सूचना मिलते ही एयरपोर्ट थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी बेटे को गिरफ्तार कर लिया है। मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

Share this news

संबंधित खबरें