Samachar Post रिपोर्टर,पलामू : झारखंड के पलामू जिले में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। नावाबाजार थाना क्षेत्र के कंडा गांव में एक महिला ने कथित रूप से अपने दो बच्चों के साथ कुएं में छलांग लगा दी। इस हादसे में दोनों मासूम बच्चियों की मौत हो गई। घटना के बाद पूरे गांव में शोक का माहौल है, जबकि पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।
यह भी पढ़ें : पलामू के चियांकी में हाईवे निर्माण को लेकर बवाल, प्रशासन और ग्रामीणों में झड़प; कई घायल
पारिवारिक विवाद के बाद उठाया कथित कदम
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, महिला सरिता देवी का अपने पति छोटेलाल प्रजापति के साथ किसी बात को लेकर विवाद हुआ था। आरोप है कि इसके बाद बुधवार रात उन्होंने अपनी दोनों मासूम बच्चियों को लेकर कुएं के पास पहुंचीं और उन्हें कुएं में डालने के बाद स्वयं भी छलांग लगा दी। बताया जा रहा है कि बड़ी बच्ची को कुएं में डालने के दौरान वह चिल्लाने लगी। शोर सुनकर आसपास के लोग मौके की ओर दौड़े, लेकिन तब तक घटना हो चुकी थी। इस हादसे में चार वर्षीय प्रिया कुमारी और दो वर्षीय डोली कुमारी की मौत हो गई।

पुलिस जांच में जुटी
घटना की सूचना मिलते ही नावाबाजार थाना पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी। पुलिस घटनास्थल का निरीक्षण कर परिजनों और ग्रामीणों से पूछताछ कर रही है। प्रारंभिक जांच में पारिवारिक विवाद की बात सामने आई है, हालांकि पुलिस सभी पहलुओं से मामले की जांच कर रही है।

Reporter | Samachar Post

