डालटनगंज पहुंची धनबाद–भोपाल एक्सप्रेस, पलामू-गढ़वा को मिली सीधी रेल कनेक्टिविटी

Rupa Kumari | February 26, 2026 | 04:46 PM IST

Samachar Post रिपोर्टर, पलामू : पलामू जिले के लिए गुरुवार का दिन ऐतिहासिक रहा। सांसद वीडी राम के प्रयास से रेल मंत्रालय की स्वीकृति के बाद धनबाद–भोपाल त्रि-साप्ताहिक एक्सप्रेस (01631/01632) पहली बार रेलवे स्टेशन पहुंची। ट्रेन के स्टेशन पर पहुंचते ही लोगों में उत्साह का माहौल देखने को मिला। सांसद के जिला प्रतिनिधि विजय ओझा और निजी सचिव अलख दुबे ने हरी झंडी दिखाकर ट्रेन को गंतव्य के लिए रवाना किया।

पलामू और गढ़वा को सीधा फायदा

इस नई सेवा से पलामू संसदीय क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले पलामू और गढ़वा जिले के यात्रियों को सीधा लाभ मिलेगा। अब यात्रियों को धनबाद या भोपाल जाने के लिए बीच में ट्रेन बदलने की जरूरत नहीं पड़ेगी। स्थानीय लोगों का कहना है कि व्यापार, इलाज, शिक्षा और रोजगार के लिए आवागमन करने वालों को बड़ी राहत मिलेगी। खासकर मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल से सीधा रेल संपर्क मिलना क्षेत्र के लिए अहम उपलब्धि मानी जा रही है।

यह भी पढ़ें: टाटानगर में होली के बाद तेज होगा रीडेवलपमेंट अभियान, 400 तक अवैध निर्माण हटाने की तैयारी

जल्द अयोध्या और लखनऊ की सीधी सेवा

मौके पर मौजूद पदाधिकारियों ने बताया कि सांसद के प्रयास से जल्द ही पलामू को अयोध्या और लखनऊ  तक सीधी ट्रेन सेवा भी मिलने वाली है। साथ ही पुरुलिया–आनंद विहार एक्सप्रेस का परिचालन भी जल्द शुरू किए जाने की जानकारी दी गई। इसका शुभारंभ स्वयं सांसद वीडी राम करेंगे।

कार्यक्रम में जनप्रतिनिधि और रेल अधिकारी मौजूद

ट्रेन के आगमन के मौके पर कई वरिष्ठ नेता और रेलवे अधिकारी उपस्थित रहे। रेलवे अधिकारियों ने इसे क्षेत्र की कनेक्टिविटी मजबूत करने की दिशा में बड़ा कदम बताया। नई रेल सेवा से पलामू-गढ़वा के लोगों को देश के प्रमुख शहरों तक बेहतर और सीधा संपर्क मिलने की उम्मीद है।

Share this news

संबंधित खबरें