पलामू में बारातियों से भरी बस हाई वोल्टेज तार की चपेट में आई, चार गंभीर रूप से झुलसे

Samachar Post रिपोर्टर,पलामू : पलामू जिले के पांकी थाना क्षेत्र के गढ़गांव इलाके में बारात लेकर जा रही एक बस बड़ा हादसे का शिकार हो गई। बस की छत पर बैठे चार लोग हाई वोल्टेज बिजली तार की चपेट में आ गए, जिससे वे गंभीर रूप से झुलस गए। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और बारातियों में दहशत फैल गई।

बारात लेकर जा रही थी बस

जानकारी के अनुसार, बारात मालगांव से रिमी रामपुर गांव जा रही थी। इसी दौरान गढ़गांव इलाके में बस की छत पर बैठे चार बाराती अचानक हाई वोल्टेज तार के संपर्क में आ गए। हादसे के समय बस के अंदर बैठे अन्य लोगों को भी बिजली का झटका महसूस हुआ, जिससे कुछ देर के लिए अफरा-तफरी मच गई। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, घटना होते ही बस चालक ने तुरंत वाहन आगे बढ़ा दिया, जिससे बिजली तार का संपर्क टूट गया। स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि चालक समय रहते बस आगे नहीं बढ़ाता, तो बड़ा हादसा हो सकता था।

यह भी पढ़ें: जामताड़ा में बारात से लौट रही बोलेरो पलटी, इकलौते बेटे की मौत; तीन गंभीर घायल

मेडिकल कॉलेज में चल रहा इलाज

घायलों की पहचान प्रमोद कुमार यादव, राजेश कुमार, रंजन कुमार यादव और विनोद कुमार यादव के रूप में हुई है। सभी पाटन क्षेत्र के निवासी बताए जा रहे हैं। घायलों को पहले पांकी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया, जहां से प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें मेदिनीराय मेडिकल कॉलेज एंड हॉस्पिटल रेफर कर दिया गया। बताया जा रहा है कि सभी के सिर और गर्दन के हिस्से गंभीर रूप से झुलस गए हैं।

पुलिस जांच में जुटी

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। वहीं घायलों के परिजन और स्थानीय लोग बड़ी संख्या में अस्पताल पहुंचे हैं।

Share this news

संबंधित खबरें