- एमजीएम थाना क्षेत्र में सनसनीखेज वारदात
Samachar Post रिपोर्टर, जमशेदपुर : एमजीएम थाना क्षेत्र में देर रात रंगदारी से जुड़ी एक गंभीर आपराधिक घटना सामने आई है। बालीगुमा स्थित साईं कॉम्प्लेक्स के थर्ड फ्लोर पर रहने वाले नीतीश कुमार के फ्लैट का ताला तोड़कर बदमाशों ने करीब साढ़े तीन लाख रुपये नकद चोरी कर लिए। इसके बाद फ्लैट में जमकर तोड़फोड़ की गई।
रंगदारी न देने पर दिया घटना को अंजाम
पीड़ित नीतीश कुमार ने बताया कि आदित्यपुर निवासी अशोक कुमार मांझी, मानगो के दीपक गुप्ता और 10–15 अन्य अज्ञात लोगों ने रंगदारी नहीं देने पर इस वारदात को अंजाम दिया। इस संबंध में उन्होंने एमजीएम थाना में लिखित शिकायत दर्ज कराई है।
यह भी पढ़ें: राज्य में ठंड से राहत के संकेत, न्यूनतम तापमान बढ़ने की संभावना
घर से ही चलाते हैं कारोबार
नीतीश कुमार मूल रूप से लातेहार जिले के रहने वाले हैं और पिछले सात वर्षों से साईं कॉम्प्लेक्स में रह रहे हैं। वे अपने फ्लैट से “एनके इंटरप्राइजेज” नामक कंपनी का संचालन करते हैं, जो ऑनलाइन हाइवा, पोकलेन समेत अन्य भारी वाहनों की खरीद-बिक्री से जुड़ी है।
लगातार मिल रही थी धमकी
नीतीश के अनुसार, पिछले 3–4 दिनों से अशोक मांझी लगातार रंगदारी की मांग कर रहा था। उन्हें घर से उठवा लेने तक की धमकी दी गई थी। रविवार शाम नीतीश साकची में मांझी से मिलने गए थे, लेकिन किसी जरूरी काम के चलते मुलाकात नहीं हो सकी।
सीसीटीवी में कैद हुई पूरी घटना
कुछ घंटों बाद सोसायटी के लोगों ने फोन कर सूचना दी कि कुछ लोग उनके फ्लैट में घुसकर तोड़फोड़ कर रहे हैं। बदमाश तीन बिहार नंबर की स्कॉर्पियो और एक झारखंड नंबर की सफारी गाड़ी से आए थे। सभी बदमाश हथियार से लैस थे और पूरी घटना सोसायटी में लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गई है।
पुलिस जांच में जुटी, गिरफ्तारी के प्रयास तेज
एमजीएम थाना पुलिस ने बताया कि सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपियों की पहचान की जा रही है। मामले की गंभीरता से जांच चल रही है और जल्द ही दोषियों की गिरफ्तारी की जाएगी।

Reporter | Samachar Post
मैंने सेंट्रल यूनिवर्सिटी ऑफ झारखंड से पत्रकारिता में पोस्ट ग्रेजुएशन की डिग्री ली है। पत्रकारिता के क्षेत्र में बतौर रिपोर्टर मेरा अनुभव फिलहाल एक साल से कम है। सामाचार पोस्ट मीडिया के साथ जुड़कर स्टाफ रिपोर्टर के रूप में काम कर रही हूं।

