कोडरमा में बड़ा सड़क हादसा: कांवरियों से भरी बस ट्रक से टकराई, 3 की मौत, 50 से अधिक घायल

Rupa Kumari | August 14, 2026 | 11:29 AM IST

Samachar Post रिपोर्टर, कोडरमा : झारखंड के कोडरमा जिले में शुक्रवार तड़के एक दर्दनाक सड़क हादसे में तीन श्रद्धालुओं की मौत हो गई, जबकि 50 से अधिक लोग घायल हो गए। हादसा सतगावां थाना क्षेत्र के पोखरडीहा मोड़ के पास हुआ, जहां कांवरियों से भरी एक बस ट्रक से टकरा गई। बताया जा रहा है कि बस में सवार सभी श्रद्धालु नेपाल के रौतहट जिले के निवासी थे और देवघर व बासुकीनाथ में पूजा-अर्चना करने के बाद राजगीर की ओर लौट रहे थे। इसी दौरान बस की ट्रक से आमने-सामने टक्कर हो गई।

टक्कर में बस का अगला हिस्सा हुआ क्षतिग्रस्त

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, टक्कर इतनी जोरदार थी कि बस का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। हादसे के बाद बस में चीख-पुकार मच गई और कई यात्री अंदर ही फंस गए। घटना की सूचना मिलते ही सतगावां थाना पुलिस मौके पर पहुंची। स्थानीय ग्रामीणों की मदद से राहत एवं बचाव अभियान चलाया गया और बस में फंसे यात्रियों को बाहर निकाला गया।

तीन की मौत, कई घायलों की हालत गंभीर

हादसे में तीन लोगों की मौत की पुष्टि हुई है। मृतकों में 12 वर्षीय शिवम कुमार शामिल है, जबकि अन्य दो मृतकों की पहचान की प्रक्रिया जारी है। वहीं 50 से अधिक श्रद्धालु घायल हुए हैं, जिनमें कई की हालत गंभीर बताई जा रही है। सभी घायलों को पहले सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सतगावां में भर्ती कराया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर रूप से घायल लोगों को सदर अस्पताल कोडरमा रेफर कर दिया गया। चिकित्सकों की टीम लगातार घायलों के इलाज में जुटी हुई है।

हादसे की जांच शुरू

दुर्घटना की सूचना मिलने के बाद प्रशासनिक अधिकारी भी घटनास्थल पर पहुंचे और राहत कार्यों का जायजा लिया। प्रशासन ने हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक जांच में तेज रफ्तार और तड़के सुबह कम दृश्यता को दुर्घटना की संभावित वजह माना जा रहा है। हालांकि, वास्तविक कारणों का पता जांच पूरी होने के बाद ही चल सकेगा।

यह भी पढ़ें : स्टेट लाइब्रेरी के छात्रों ने दिखाई एकजुटता, आंदोलनकारी अभ्यर्थियों के लिए पहुंचाया भोजन

श्रावणी यात्रा के बीच मातम

श्रावणी यात्रा से लौट रहे श्रद्धालुओं के साथ हुए इस हादसे के बाद क्षेत्र में शोक का माहौल है। प्रशासन मृतकों के परिजनों को सूचना देने और घायलों को हर संभव सहायता उपलब्ध कराने में जुटा हुआ है। हादसे ने एक बार फिर लंबी दूरी की यात्राओं के दौरान सड़क सुरक्षा और सावधानी की आवश्यकता को उजागर किया है।

Share this news

संबंधित खबरें