Samachar Post रिपोर्टर, कोडरमा: कोडरमा के सदर थाना क्षेत्र स्थित मिटको कॉलोनी में गुरुवार को दिल दहला देने वाली घटना सामने आई। घर के अंदर 30 वर्षीय महिला नेहा राज की गला रेतकर हत्या कर दी गई। घटना के बाद पूरे इलाके में सनसनी फैल गई। सबसे दर्दनाक बात यह रही कि महिला के छोटे बेटे ने स्कूल से लौटने के बाद सबसे पहले अपनी मां को खून से लथपथ हालत में देखा। जानकारी के मुताबिक, बच्चा दोपहर करीब 12:30 बजे स्कूल से घर लौटा था। जैसे ही वह कमरे के अंदर गया, वहां का दृश्य देखकर जोर-जोर से चीखने लगा और डरकर बाहर भाग आया। बच्चे की आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे। बच्चे ने रोते हुए बताया कि उसकी मां के गले से खून बह रहा है।
यह भी पढ़ें: कोल्हान में पेट्रोल-डीजल को लेकर अफरा-तफरी, ‘पैनिक बाइंग’ से पंपों पर लंबी कतारें
पड़ोसियों ने पहुंचाया अस्पताल
घटना की जानकारी मिलते ही आसपास के लोगों में अफरा-तफरी मच गई। पड़ोसियों ने तुरंत महिला के पति शंभू राणा को सूचना दी। इसके बाद स्थानीय लोगों की मदद से गंभीर हालत में महिला को सदर अस्पताल पहुंचाया गया, लेकिन डॉक्टरों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। महिला की मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। अस्पताल और कॉलोनी में लोगों की भीड़ जुट गई। स्थानीय लोग दिनदहाड़े हुई इस वारदात से दहशत में हैं।

हत्या के पीछे की वजह तलाश रही पुलिस
घटना की सूचना मिलते ही सदर थाना पुलिस और पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।अधिकारियों का कहना है कि शुरुआती जांच में मामला हत्या का लग रहा है, लेकिन सभी पहलुओं पर जांच की जा रही है।पुलिस परिवार के सदस्यों और आसपास के लोगों से पूछताछ कर रही है। साथ ही यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि हत्या के पीछे आपसी रंजिश, घरेलू विवाद या कोई अन्य कारण तो नहीं है। दिनदहाड़े घर के अंदर महिला की हत्या की इस घटना ने इलाके की सुरक्षा व्यवस्था पर भी सवाल खड़े कर दिए हैं। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की छानबीन में जुटी हुई है।

Reporter | Samachar Post
मैंने सेंट्रल यूनिवर्सिटी ऑफ झारखंड से पत्रकारिता में पोस्ट ग्रेजुएशन की डिग्री ली है। पत्रकारिता के क्षेत्र में बतौर रिपोर्टर मेरा अनुभव फिलहाल एक साल से कम है। सामाचार पोस्ट मीडिया के साथ जुड़कर स्टाफ रिपोर्टर के रूप में काम कर रही हूं।

