Samachar Post रिपोर्टर, जमशेदपुर: जमशेदपुर समेत पूरे कोल्हान क्षेत्र में पिछले दो दिनों से पेट्रोल और डीजल को लेकर असामान्य स्थिति बनी हुई है। हालांकि पेट्रोल पंप संचालकों का कहना है कि ईंधन की आपूर्ति सामान्य है, लेकिन अफवाहों और अचानक बढ़ी मांग के कारण पंपों पर भारी भीड़ उमड़ रही है। स्थिति ऐसी हो गई कि कई पेट्रोल पंपों पर लंबी कतारें लग गईं और कुछ जगहों पर अस्थायी रूप से ‘नो स्टॉक’ के बोर्ड लगाने पड़े।
अफवाहों से बढ़ी ‘पैनिक बाइंग’
जानकारी के मुताबिक, बुधवार सुबह से ही शहर के अलग-अलग पेट्रोल पंपों पर लोगों की भीड़ जुटनी शुरू हो गई थी। दिन बढ़ने के साथ हालात और बिगड़ते गए। बड़ी संख्या में लोग टंकी फुल कराने पहुंचने लगे, जिससे अचानक मांग कई गुना बढ़ गई। पेट्रोल पंप एसोसिएशन का कहना है कि यह वास्तविक किल्लत नहीं, बल्कि ‘पैनिक बाइंग’ की स्थिति है। लोगों ने आशंका के चलते जरूरत से ज्यादा ईंधन भरवाना शुरू कर दिया, जिससे पंपों पर दबाव बढ़ गया।
यह भी पढ़ें: रांची यूनिवर्सिटी में क्लस्टर सिस्टम के खिलाफ छात्रों का प्रदर्शन, NSUI ने जताया विरोध
सामान्य दिनों से दोगुनी हुई बिक्री
बताया जा रहा है कि बुधवार को शहर में करीब 3 लाख लीटर पेट्रोल-डीजल की बिक्री हुई, जो सामान्य दिनों की तुलना में लगभग दोगुनी है। भारी मांग के कारण कई पंपों का स्टॉक अस्थायी रूप से खत्म हो गया। कुछ पंपों को भीड़ और अव्यवस्था के चलते कुछ समय के लिए बंद भी करना पड़ा। साकची, बिष्टुपुर, गोलमुरी, टेल्को, मानगो, कदमा, सिदगोड़ा, और जुगसलाई समेत कई इलाकों में पेट्रोल पंपों के बाहर लंबी कतारें देखने को मिलीं। कई जगहों पर लाइन मुख्य सड़क तक पहुंच गई, जिससे ट्रैफिक जाम की स्थिति भी बन गई। हालात को नियंत्रित करने के लिए कुछ पेट्रोल पंपों ने अस्थायी तौर पर ईंधन वितरण की सीमा तय कर दी है। कई पंपों पर दोपहिया वाहनों में 200 रुपये तक और चारपहिया वाहनों में 1000 रुपये तक का ईंधन दिया जा रहा है।
पुलिस बल की मांग
पेट्रोल पंप संचालकों का कहना है कि पिछले एक सप्ताह से सप्लाई रुक-रुक कर हो रही थी। इसी बीच अफवाह फैलने से स्थिति और बिगड़ गई। पंप एसोसिएशन ने प्रशासन से सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने और पेट्रोल पंपों पर पुलिस बल तैनात करने की मांग की है, ताकि भीड़ को नियंत्रित किया जा सके और किसी अप्रिय घटना से बचा जा सके।
Reporter | Samachar Post
मैंने सेंट्रल यूनिवर्सिटी ऑफ झारखंड से पत्रकारिता में पोस्ट ग्रेजुएशन की डिग्री ली है। पत्रकारिता के क्षेत्र में बतौर रिपोर्टर मेरा अनुभव फिलहाल एक साल से कम है। सामाचार पोस्ट मीडिया के साथ जुड़कर स्टाफ रिपोर्टर के रूप में काम कर रही हूं।