धनबाद में जहरीली गैस रिसाव जारी, दो महिलाओं की मौत; इलाके में दहशत और विरोध प्रदर्शन तेज

Rupa Kumari | December 4, 2025 | 04:15 PM IST

Samachar Post रिपोर्टर, धनबाद: केंदुआडीह थाना क्षेत्र के चिल्ड्रन पार्क के पास राजपूत बस्ती में पिछले दो दिनों से कार्बन मोनोऑक्साइड गैस का रिसाव जारी है। इस हादसे में दो महिलाओं प्रियंका देवी (बुधवार) और ललिता देवी (गुरुवार) की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई है। हालांकि, सटीक कारण पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट के बाद ही स्पष्ट होगा। रिसाव के कारण लगभग एक दर्जन बच्चों और महिलाओं की तबीयत बिगड़ी है।

लगभग 10 हजार की आबादी प्रभावित

स्थानीय बंद केंदुआडीह कोलियरी के 13 और 14 नंबर सिम से गैस रिसाव जारी है। इसका असर राजपूत बस्ती, मस्जिद मोहल्ला, ऑफिसर कॉलोनी और आसपास के लगभग 10 हजार लोगों पर देखा जा रहा है। दुर्गंध और जहरीले धुएँ के कारण कई परिवार घर छोड़ने को मजबूर हैं। बीसीसीएल ने माइकिंग के जरिए लोगों को सुरक्षित स्थानों पर जाने की सलाह दी है और दो स्थानों पर अस्थायी टेंट लगाकर 15–20 परिवारों के लिए आश्रय तैयार किया है।

यह भी पढ़ें: निलंबित IAS विनय चौबे की पत्नी के बाद अब साली प्रियंका त्रिवेदी से ACB करेगी पूछताछ

ग्रामीणों में गुस्सा, धनबाद–रांची रोड जाम

दो मौतों के बाद ग्रामीणों ने सड़क पर प्रदर्शन किया, टायर जलाए और धनबाद–रांची मुख्य मार्ग को जाम कर दिया। प्रदर्शनकारियों ने बीसीसीएल और जिला प्रशासन से तत्काल पुनर्वास, मुआवजा और गैस रिसाव रोकने की मांग की। स्थानीय निवासी प्रदीप कुमार ठाकुर ने कहा, दो महिलाओं की मौत हो चुकी है और 15–20 लोग बीमार हैं। अगर गैस रिसाव नहीं रुका, तो और लोगों की जान जोखिम में है।

बीसीसीएल पर सवाल, विशेषज्ञ एजेंसियों से हस्तक्षेप की मांग

पूर्व मेयर चंद्रशेखर अग्रवाल ने कंपनी पर संगीन लापरवाही का आरोप लगाया और डीजीएमएस, सीआईएमएफआर और आईएसएम से तत्काल समाधान की अपील की। प्रोजेक्ट ऑफिसर लखन लाल वर्णवाल ने बताया कि बंद कोलियरी में गैस जमा थी, जो अब जमीन में दरारों के कारण बाहर निकल रही है। पुटकी–बलिहाटी कोलियरी के महाप्रबंधक जी.सी. साहा ने कहा कि इलाका आग से प्रभावित और असुरक्षित घोषित किया जा चुका है, और स्थायी समाधान तभी संभव है जब पूरा क्षेत्र खाली कराया जाए।

Share this news

संबंधित खबरें