- स्थानीय लोगों से मुलाकात, राहत शिविरों का लिया जायजा
Samachar Post रिपोर्टर, धनबाद : विधायक सरयू राय ने धनबाद के केंदुआडीह स्थित गैस प्रभावित क्षेत्र का दौरा किया। इस दौरान उन्होंने स्थानीय निवासियों से मुलाकात कर उनकी समस्याएं सुनीं और राहत शिविरों का निरीक्षण कर वहां रह रहे लोगों की स्थिति का जायजा लिया।
गैस रिसाव के लिए बीसीसीएल और डीजीएमएस जिम्मेदार
सरयू राय ने कहा कि गैस रिसाव के कारण केंदुआडीह में गंभीर संकट उत्पन्न हो गया है। उन्होंने इसके लिए बीसीसीएल प्रबंधन और डीजीएमएस (खान सुरक्षा महानिदेशालय) को जिम्मेदार ठहराया। उनका आरोप है कि गैस निकासी और सुरक्षा को लेकर दोनों संस्थानों ने समय रहते कोई ठोस कदम नहीं उठाया।
यह भी पढ़ें: रोड जाम मामले में धनबाद कोर्ट पहुंचे विधायक जयराम महतो, प्रशासन और सरकार पर साधा निशाना
खनन नियमों के उल्लंघन का आरोप
विधायक ने बताया कि इस क्षेत्र में वर्ष 1914 से खनन कार्य हो रहा है। नियमों के अनुसार भूमिगत खनन के बाद खदानों में बालू भरना अनिवार्य होता है, लेकिन बीसीसीएल ने ऐसा नहीं किया। केवल खदान के मुहानों पर दीवारें बना दी गईं, जिससे गैस का दबाव बढ़ता गया और अब गैस जमीन फाड़कर बाहर निकल रही है।
अवैध खनन पर भी उठाए सवाल
सरयू राय ने आरोप लगाया कि उन्हीं दीवारों को तोड़कर अवैध खनन किया जा रहा है, लेकिन बीसीसीएल इसे रोकने में नाकाम रही है। उन्होंने कहा कि खनन क्षेत्रों की सुरक्षा की जिम्मेदारी डीजीएमएस की होती है, लेकिन इस मामले में उसकी भूमिका लापरवाही भरी रही है।
प्रभावितों के पुनर्वास पर चिंता
उन्होंने बताया कि गैस रिसाव के बाद प्रभावित लोगों को जिन स्थानों पर बसाने की बात हो रही है, वहां रोजगार और बुनियादी सुविधाओं का अभाव है। सरयू राय ने कहा कि बीसीसीएल और डीजीएमएस की गलतियों का खामियाजा केंदुआडीह के आम लोगों को भुगतना पड़ रहा है।

Reporter | Samachar Post
मैंने सेंट्रल यूनिवर्सिटी ऑफ झारखंड से पत्रकारिता में पोस्ट ग्रेजुएशन की डिग्री ली है। पत्रकारिता के क्षेत्र में बतौर रिपोर्टर मेरा अनुभव फिलहाल एक साल से कम है। सामाचार पोस्ट मीडिया के साथ जुड़कर स्टाफ रिपोर्टर के रूप में काम कर रही हूं।

