JSSC के अधिवक्ता संजोय पिपरवाल को CID का समन, CGL परीक्षा विवाद में होगी पूछताछ

Samachar Post रिपोर्टर, रांची : JSSC CGL परीक्षा विवाद की जांच कर रही CID की SIT ने अब मामले के कानूनी पहलुओं की भी पड़ताल शुरू कर दी है। इसी क्रम में जांच टीम ने JSSC के अधिवक्ता संजोय पिपरवाल को समन जारी किया है। उन्हें पूछताछ के लिए SIT के समक्ष उपस्थित होने का निर्देश दिया गया है। जांच टीम यह जानने का प्रयास कर रही है कि JSSC CGL परीक्षा के आयोजन और पूरी प्रक्रिया के दौरान आयोग की ओर से कौन-कौन से कदम उठाए गए थे और विवाद सामने आने के बाद कानूनी एवं प्रशासनिक स्तर पर किस प्रक्रिया का पालन किया गया।

यह भी पढ़ें : CTET 2026 की परीक्षा 12 और 13 दिसंबर को, परीक्षा केंद्र की जानकारी 15 दिन पहले

परीक्षा विवाद के कानूनी पक्ष पर होगी पूछताछ

SIT की पूछताछ में आयोग की ओर से विभिन्न अदालतों में रखे गए पक्ष और दलीलों से जुड़े सवाल किए जा सकते हैं। इसके अलावा परीक्षा से संबंधित कानूनी दस्तावेजों और मामले में आयोग की ओर से अपनाए गए कानूनी रुख के बारे में भी जानकारी ली जा सकती है। जांच टीम यह भी समझने की कोशिश कर रही है कि परीक्षा विवाद सामने आने के बाद आयोग की ओर से किस स्तर पर क्या निर्णय लिए गए और उन फैसलों के पीछे अपनाई गई प्रक्रिया क्या थी।

आयोग, परीक्षा एजेंसी और कानूनी सलाहकारों के पत्राचार की जांच

SIT परीक्षा से जुड़े विभिन्न पक्षों के बीच हुए पत्राचार की भी पड़ताल कर रही है। इसमें JSSC के अधिकारियों, परीक्षा संचालन से जुड़ी बाहरी एजेंसियों और कानूनी सलाहकारों के बीच हुए संवाद को शामिल किया गया है। जांच टीम अलग-अलग फैसलों और घटनाक्रम के समय का भी मिलान कर रही है, ताकि यह स्पष्ट किया जा सके कि परीक्षा प्रक्रिया के दौरान किस स्तर पर कौन-से निर्णय लिए गए थे।

JSSC के कई अधिकारियों से हो चुकी है पूछताछ

JSSC CGL विवाद की जांच के दौरान SIT आयोग के कई अधिकारियों से पूछताछ कर चुकी है। इसके अलावा परीक्षा संचालन से जुड़ी बाहरी एजेंसियों के प्रतिनिधियों और मामले में संदिग्ध माने जा रहे अन्य लोगों से भी पूछताछ की गई है। अब JSSC के अधिवक्ता संजोय पिपरवाल से होने वाली पूछताछ में परीक्षा विवाद से जुड़े कानूनी पक्ष, आयोग की ओर से उठाए गए कदम और अदालतों में रखे गए पक्ष से संबंधित जानकारी जुटाने पर फोकस रहने की संभावना है। जांच आगे बढ़ने के साथ SIT परीक्षा प्रक्रिया से जुड़े प्रशासनिक, तकनीकी और कानूनी पहलुओं को अलग-अलग स्तर पर खंगाल रही है।

संबंधित खबरें