Samachar Post रिपोर्टर,रांची :बंगाल की खाड़ी में बने लो प्रेशर एरिया और सक्रिय साइक्लोनिक सर्कुलेशन के प्रभाव से झारखंड समेत पूर्वी भारत के कई राज्यों में मौसम का मिजाज बदलने वाला है। मौसम विभाग ने राज्य के कई जिलों में 5 से 7 जुलाई के बीच भारी बारिश की संभावना जताई है। हालांकि, मॉनसून की रफ्तार अब भी धीमी है और झारखंड में अब तक सामान्य से काफी कम वर्षा दर्ज की गई है।
यह भी पढ़ें :दुमका में जहरीले फल के बीज खाने से 12 बच्चे बीमार, 6 को किया गया रेफर
5 जुलाई को इन जिलों में भारी बारिश की संभावना
मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार 5 जुलाई को खूंटी, गुमला, सिमडेगा और पश्चिमी सिंहभूम जिलों में भारी बारिश हो सकती है। वहीं राज्य के अन्य जिलों में गरज-चमक के साथ हल्की से मध्यम बारिश होने का अनुमान है। राजधानी रांची में अधिकतम तापमान 29 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 23 डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना है। मौसम विभाग ने अगले दो दिनों के लिए भी भारी बारिश की चेतावनी जारी की है। 6 जुलाई को गढ़वा, पलामू, लातेहार, लोहरदगा, गुमला और सिमडेगा जिलों में भारी वर्षा होने की संभावना जताई गई है। वहीं 7 जुलाई को रांची, लोहरदगा, गुमला, सिमडेगा, पश्चिमी सिंहभूम और खूंटी जिलों में भारी बारिश का अलर्ट जारी किया गया है।
लोगों से सतर्क रहने की अपील
मौसम विभाग ने लोगों से खराब मौसम के दौरान अनावश्यक रूप से खुले स्थानों पर नहीं जाने की सलाह दी है। गरज-चमक और तेज बारिश के समय सुरक्षित स्थानों पर रहने और मौसम विभाग की ओर से जारी ताजा अपडेट पर नजर बनाए रखने की अपील की गई है।

झारखंड में सामान्य से 45 प्रतिशत कम बारिश
राज्य में मॉनसून को पहुंचे लगभग एक महीना हो चुका है, लेकिन बारिश का आंकड़ा अब भी सामान्य से काफी कम है। 1 जून से 4 जुलाई तक झारखंड में 226.3 मिमी सामान्य वर्षापात होना चाहिए था, जबकि इस अवधि में केवल 125.6 मिमी बारिश दर्ज की गई। यानी अब तक राज्य में करीब 45 प्रतिशत कम वर्षा हुई है। मौसम विभाग के अनुसार झारखंड के सभी 24 जिलों में सामान्य से कम बारिश रिकॉर्ड की गई है। राजधानी रांची में इस अवधि के दौरान 235 मिमी सामान्य वर्षा के मुकाबले 201.2 मिमी बारिश दर्ज की गई, जो सामान्य से लगभग 14 प्रतिशत कम है। इससे साफ है कि राज्य के अधिकांश हिस्सों में मॉनसून अभी पूरी तरह सक्रिय नहीं हो पाया है।
बहरागोड़ा में सबसे अधिक हुई बारिश
शनिवार को झारखंड में सबसे अधिक 23 मिमी बारिश बहरागोड़ा में दर्ज की गई। इसके अलावा चाईबासा में 21 मिमी और जमशेदपुर में 8 मिमी वर्षा रिकॉर्ड की गई। रांची में दिनभर बादल छाए रहे और कई इलाकों में हल्की बारिश हुई। मौसम विभाग का अनुमान है कि अगले कुछ दिनों तक राज्य के कई हिस्सों में बारिश का सिलसिला जारी रहेगा, जिससे मौसम में बदलाव के साथ खेती-किसानी को भी राहत मिलने की उम्मीद है।

Reporter | Samachar Post

